ग्रेनो प्राधिकरण की बिल्डरों को बड़ी चेतावनी, 1431 फ्लैटों की जल्द रजिस्ट्री कराएं नहीं तो एक्शन
Greater Noida news
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 05:29 AM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
02 Dec 2025 05:29 AM
Greater Noida news : अमिताभ कांत समिति से लाभ लेने वाले बिल्डर प्रोजेक्टों में अपंजीकृत फ्लैटों की रजिस्ट्री जल्द कराने के मकसद से ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को क्रेडाई व बिल्डरों के साथ बैठक की। एसीईओ ने बिल्डरों को फ्लैट खरीदारों की शीघ्र रजिस्ट्री कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिल्डरों से भी कहा गया है कि अगर कोई खरीदार रजिस्ट्री कराने नहीं आ रहा, उनका आवंटन निरस्त करने का नोटिस जारी करें।
एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने क्रेडाई के प्रतिनिधियों के साथ की बैठक
दरअसल, अमिताभ कांत समिति से लाभ पाने वाले नौ परियोजनाओं में 1431 फ्लैटों की रजिस्ट्री बाकी है। इनकी तरफ से बकाया धनराशि भी जमा करा दी गई है। प्राधिकरण की तरफ से आॅक्यूपेंसी सर्टिफिकेट और रजिस्ट्री की अनुमति भी दे दी गई है, फिर भी इन परियोजनाओं में रजिस्ट्री अटकी हुई है। इन फ्लैटों की रजिस्ट्री कराने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने क्रेडाई व बिल्डरों के साथ बैठक करने और रजिस्ट्री शुरू के निर्देश दिए। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार को प्राधिकरण के बोर्ड रूम में बैठक की, जिसमें ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बिल्डर विभाग की मैनेजर स्नेहलता के अलावा क्रेडाई से सेक्रेटरी निखिल हवेलिया व मनीष गुप्ता और बिल्डर प्रतिनिधि आदि शामिल हुए। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने क्रेडाई और बिल्डरों के साथ बैठक में साफ कहा कि बिल्डर इन फ्लैटों की रजिस्ट्री शीघ्र कराएं। अन्यथा अमिताभ कांत समिति से प्राप्त सुविधा को वापस ले लिया जाएगा। वहीं, बिल्डरों को भी निर्देश दिए कि अगर खरीदार की तरफ से रजिस्ट्री कराने में लापरवाही बरती जा रही है तो उनको भी आवंटन निरस्त करने की अंतिम नोटिस जारी कर दें। एसीईओ ने फ्लैट खरीदारों से शीघ्र रजिस्ट्री कराने की अपील की। अब तक 2841 फ्लैटों की रजिस्ट्री संपन्न हुई है।