Greater Noida News: ग्रेनो ने दो फर्मों को चेताया: नहीं सुधरे तो काली सूची में डाल देंगे
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:00 PM
भारत
RP Raghuvanshi
30 Nov 2025 11:00 PM
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा। प्राधिकरण ने दो और फर्मों पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। सेक्टर डेल्टा 1, 2 व 3 की 60 मीटर रोड और सेक्टर जीटा वन की 60 मीटर रोड के अनुरक्षण कार्यों में लापरवाही के चलते यह कार्रवाई की गई है। प्राधिकरण ने उन्हें चेताया है कि यदि अनुरक्षण कार्य को तत्काल दुरुस्त नहीं किया तो उन्हें काली सूची में डाल दिया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ व मेरठ मंडलायुक्त सुरेन्द्र सिंह के निर्देश पर महाप्रबंधक एके अरोड़ा ने सेक्टर डेल्टा 1, 2 व 3 की 60 मीटर चौड़ी पेरीफेरल रोड और सेक्टर जीटा वन की 60 मीटर चौड़ी पेरिफेरल सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण में आरसीसी पोस्ट, तार फेंसिंग व कर्व स्टोन क्षतिग्रस्त मिले। रोड साइड पटरी पर झाड़ियों की कटिंग नहीं की गई थी। दोनों सड़कों का रखरखाव ठीक से नहीं किया जा रहा था, जिसके चलते गुड इंटरप्राइज पर 2.50 लाख और शुभम बिल्डर्स 2.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है। इन फर्मों को अधूरे कार्यों को तीन दिन में दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें चेतावनी दी गई है कि यदि तत्काल अनुरक्षण का काम पूरा नहीं हुआ तो उन्हें काली सूची में डाल दिया जाएगा। प्राधिकरण के महाप्रबंधक परियोजना एके अरोड़ा ने आरक्षण कार्यों में लगी सभी फर्मों को एक सप्ताह में सभी अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश दिए हैं। जहां भी तार फेंसिंग, कर्व स्टोन, आरसीसी पोस्ट आदि क्षतिग्रस्त हैं, उनको दुरुस्त करने के लिए कहा है। इसके बाद अभियान चलाकर सभी मार्गों पर अनुरक्षण कार्यों का जायजा लिया जाएगा। अगर कार्य दुरुस्त न पाये गये तो संबंधित फर्मों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।