
Greater Noida News : ग्वालियर मध्य प्रदेश में पिछड़े समाज और गुर्जरों पर हो रहे अत्याचारों की चिंगारी अब उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में भी सुलगती नजर आ रही है। अखिल भारतीय किसान सभा गौतमबुद्धनगर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार को ग्वालियर में गुर्जरों पर हुए लाठी चार्ज के विरोध में डीएम कार्यालय के बाहर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया।
किसान सभा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने शनिवार की सुबह 11 बजे कलेक्ट्रेट गेट पर एकत्र होकर प्रदर्शन कर जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ता नारेबाजी और प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम दादरी को सौंपा। ज्ञापन में ग्वालियर में 25 सितंबर को शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे गुर्जर समाज के लोगों पर लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ेने, फर्जी मुकदमे दर्ज किए जाने, रासुका लगाए जाने, निर्दोष लोगों के ऊपर इनाम घोषित किए जाने की निंदा की गई।
इस दौरान सपा कार्यकर्ता मोहित नागर ने कहा कि राजस्थान में गुर्जर आंदोलन में जिस तरह निहत्थे गुर्जरों पर गोलियां चलाई गई, जिसमें कई निर्दोष गुर्जरों की जान गई थी। जिसको लेकर 2009 में गुर्जरों ने भाजपा सरकार नहीं बनने दी। अगर ग्वालियर में हुई घटना की जाँच और दोषियों के ख़िलाफ़ सख़्त कार्यवाही नहीं हुई तो आने वाले चुनाव में इसाक बदला लिया जाएगा। ग्वालियर में निर्दोष गुर्जरों पर अत्याचार का बदला जरुर लिया जाएगा।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने उपस्थित कहा कि शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन नागरिकों का संवैधानिक हक है। ग्वालियर प्रशासन ने मध्य प्रदेश सरकार के इशारे पर पिछड़े गुर्जर समाज के लोगों पर लाठीचार्ज कर समाज को कुचलने की कोशिश की है। यह समाज को कुचलने के अलावा नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों पर भी हमला है। उन्होंने इस मामले में प्रधानमंत्री से कार्यवाहीं किए जाने की मांग की है।