
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में एक मूर्ति गोल चक्कर पर फ्लैट बायर्स द्वारा लगातार हर रविवार को धरना प्रदर्शन किया जाता है। आज तेज बारिश के दौरान भी फ्लैट बायर्स द्वारा भीगते हुए रजिस्ट्री और पज़ेशन की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। पिछले कई सालों से बायर्स आशियाना व मालिकाना हक दिलाने के लिए गुहार लगा रहे हैं। फ्लैट बायर्स पिछले 7 महीने से लगातार हर रविवार को प्रदर्शन रहे हैं।
ग्रेटर नोएडा की अलग-अलग सोसाइटियों के निवासियों द्वारा हर रविवार की तरह इस रविवार भी घर ख़रीदारों ने एक मूर्ति गोल चक्कर पर प्रदर्शन किया। घर ख़रीदार लगातार मांग कर रहे हैं कि रुके हुए प्रोजेक्ट में कंस्ट्रक्शन शुरू हो, वहीं जिन प्रोजेक्ट में घर मिल गए हैं लेकिन रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है, वहां रजिस्ट्री शुरु हो।
सुपरटेक इको विलेज तीन के रहने वाले चेतन कपूर ने बताया कि हम ना शीतलहर में रुके, ना ही भीषण गर्मी में यह प्रदर्शन थमा और ना ही यह कारवां बरसात में रुकने वाला है। अपने फ्लैट के पजेशन की मांग एवं जिन घरों की अभी तक रजिस्ट्री नहीं हुई है उसे शुरू करवाने के लिए भारी बारिश में भी होम बायर्स एकजुट होकर प्रदर्शन में शामिल हुए। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक महत्वपूर्ण माँग कब मिलेंगे लोगों के मकान कब होगी OC/CC और रैजिट्री और कब होगा इसका समाधान ?
आंदोलन में इको विलेज 2, इको विलेज 3, अजनारा होम्स, कासा ग्रीन्स, संस्कृति प्रोजेक्ट, एक्वा गार्डन, ऐपेक्स गोल्फ़ एवेन्यू सहित 10 से अधिक सोसाइटी के लोग उपस्थित रहे।