
Greater Noida News (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्लाजा मॉल में 2 दिन पूर्व खुले होटल गैलेक्सी डायमंड प्लाजा में कुछ लोगों ने जमकर तांडव मचाया। कार सवार युवकों ने अपने साथियों की मदद से होटल कर्मियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा और होटल बंद कराने की धमकी देते हुए फरार हो गए। इस होटल का 2 दिन पूर्व प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह व जिले के अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा उद्घाटन किया गया था। होटल मालिक ने थाना बिसरख में 10 अज्ञात उनको के खिलाफ जानलेवा हमला करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है।
मूल रूप से ग्राम वामोती जनपद अलीगढ़ निवासी ठाकुर हेमंत सिंह चौहान ने बताया कि उन्होंने 2 दिन पूर्व प्लाजा मॉल में होटल गैलेक्सी डायमंड शुरू किया था। इसका उद्घाटन प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, राजस्व मंत्री अनूप प्रधान द्वारा किया गया था। बीती रात्रि करीब 10:0 बजे होटल के बाहर खड़ी उनकी कार में कार सवार युवकों में जानबूझकर टक्कर मार दी। यह देखकर उनके मैनेजर राजीव तथा निजी सहायक सोनू ने युवकों को टोका। कार से उतरे चार युवकों ने होटल स्टाफ के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
होटल के मैनेजर ने उन्हें फोन कर हंगामे की जानकारी दी जिस पर वह मौके पर पहुंचे और युवकों को समझने का प्रयास किया। इस दौरान युवकों ने फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। मौके पर आए युवक लाठी-डंडे रोड व पिस्टल से लैस थे। इन युवकों ने आते ही होटल कर्मियों पर जानलेवा हमला बोल दिया। जान बचाने के लिए होटल कर्मियों ने होटल तथा बेसमेंट में घुसकर अपनी जान बचाई। इस दौरान युवकों ने उनके साथ भी मारपीट कर सोने की चेन लूटने का प्रयास किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी स्वयं को स्थानीय बताते हुए होटल को बंद कराने की धमकी देते हुए कार में बैठकर फरार हो गए।
ठाकुर हेमंत सिंह चौहान के मुताबिक युवकों द्वारा होटल में मचाया गया तांडव सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस मामले में एक युवक की पहचान हो गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी करने का प्रयास किया जा रहा है।