
Greater Noida News (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के ग्राम जैतपुर में निर्माणाधीन मकान का छज्जा बाहर निकालने को लेकर दो सगे भाईयों व उनके परिजन आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। इस संघर्ष में कई लोग घायल हो गए। थाना सूरजपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
ग्राम जैतपुर निवासी रफीक अपने मकान का निर्माण कर रहा है। निर्माण के दौरान उसने अपने घर का छज्जा बाहर निकाल दिया। पड़ोस में रहने वाले उसके भाई नौशाद ने छज्जा निकालने को लेकर आपत्ति जताई तो दोनों पक्षों के बीच वाद विवाद हो गया। वाद विवाद के दौरान दोनों पक्षों के परिजन मौके पर पहुंच गए और मारपीट होने लगी। दोनों तरफ से जमकर लाठी डंडे चले जिसमें कई लोग घायल हो गए।
झगड़े की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सूरजपुर पुलिस ने किसी तरह झगड़े को शांत कराया और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि रफीक तथा नौशाद की शिकायत पर दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
नोएडा न्यायालय द्वारा गैर जमानती वारंट जारी किए जाने के बावजूद न्यायालय में पेश न होने वाले आरोपी गैंगस्टर के खिलाफ थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज कराया गया है। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि आनंद कुमार गौतम के खिलाफ दर्ज किए गए गैंगस्टर एक्ट मामले की विवेचना उनके द्वारा की जा रही है। आरोपी लगातार फरार चल रहा है। न्यायालय द्वारा जारी किए गए गैर जमानती वारंट के आधार पर आनंद कुमार के मूल पते गोरखपुर में संभावित स्थानों पर दबिश देकर उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया गया लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा।
आरोपी आनंद कुमार गौतम के खिलाफ धारा-82 सीआरपीसी की उद्घोषणा भी कर दी गई है इसके बावजूद भी आरोपी लगातार अपनी उपस्थिति छिपा रहा है। आनंद कुमार गौतम न तो गिरफ्तार हुआ और न ही उसके द्वारा न्यायालय में आत्मसमर्पण किया गया है। आनंद कुमार गौतम लगातार न्यायालय के आदेश की अवहेलना कर रहा है उसका यह अपराध धारा-174 एक ही परिधि में आता है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।