Greater Noida News : भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया: मुख्यमंत्री
UNESCO-India-Africa Hackathon inaugurated at Gautam Buddha University
भारत
चेतना मंच
22 Nov 2022 10:26 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि भारत ने दुनिया को युद्ध नहीं बुद्ध दिया है। विश्व में शांति के प्रचार -प्रसार के लिए आज दुनिया भारत की ओर देख रही है। मुख्यमंत्री ने गौतमबुद्ध विवि में यूनेस्को-इंडिया-अफ्रीका हैकथॉन के उदघाटन अवसर पर अफ्रीकी देशों के छात्रों व प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए यह बात कही।
उदघाटन अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूनेस्को-इंडिया-अफ्रीका हैकथॉन में आये हुए 22 देशों के 400 से अधिक छात्रों व प्रतिनिधियों का वह स्वागत करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को लेकर गौतमबुद्धनगर में इस हैकथान का आयोजन किया जा रहा है। भारत व अफ्रीका के संबंध दुनिया भर के लिए प्रेरणा हैं।
Greater Noida News :
उपनिवेशक के खिलाफ एकजुटता हो या फिर विकासशील देशों के साथ मिलकर चलना दोनों ही मामलों में भारत-अफ्रीका में समानता है। अफ्रीका और भारत ने विश्व कल्याण के लिए सदैव काम किया है। भगवान श्रीराम, श्री कृष्ण तथा भगवान बुद्ध की भूमि भारत ने विश्व समुदाय में शांति का प्रचार किया है। दक्षिण अफ्रीका की धरती से ही महात्मा गांधी ने ब्रिटिश सरकार के खिलाफ जनआंदोलन छेड़ा। दक्षिण अफ्रीका के नेता नेल्सन मंडेला ने महात्मा गांधी के शांतिपूर्ण आंदोलन को आधार बनाकर दक्षिण अफ्रीका में रंग भेद के खिलाफ आंदोलन छेड़ा। भारत-अफ्रीका के बीच इन संबंधों को और बढ़ाने के लिए हैकथॉन के पहले संस्करण का आयोजन गौतमबुद्ध विवि में किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर स्टडी ऑफ इंडिया प्रोग्राम की प्रदर्शनी का ई-लांच भी किया। कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से सांसद डा. महेश शर्मा, गौतमबुद्ध विवि के चांसलर के.के. सिन्हा, जेवर विधानसभा क्षेत्र से विधायक धीरेद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अन्य गणामान्य लोग उपस्थित थे।