
Greater Noida News (चेतना मंच)। विभिन्न थाना क्षेत्रों में एक बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। नई रेलवे कॉलोनी छपरौला में 8 वर्षीय बच्चा खेलते खेलते घर के पास में बने सेफ्टी टैंक में जा गिरा। सेफ्टी टैंक में भरे पानी में डूबने के कारण बच्चे की मौत हो गई।
छपरौला की नई रेलवे कॉलोनी में नंदन झा अपने परिवार सहित रह रहे हैं। नंदन झा का 8 वर्षीय बेटा प्रेम कुमार झा गुरुवार को घर के बाहर खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के पास बन रहे मकान में जा पहुंचा। इस दौरान वह निर्माणाधीन मकान के सेफ्टी टैंक में गिर गया। सेफ्टी टैंक में पानी भरा होने के कारण प्रेम कुमार झा डूब गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
बच्चे के घर न पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की तो वह सेफ्टी टेंक में पड़ा हुआ मिला। बच्चे के जिंदा होने की आशा में परिजन उसे चिकित्सालय लेकर पहुंचे जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना बीटा-2 क्षेत्र के नवादा गांव में गुरुवार की रात संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मूल रूप से ग्राम चंदौली थाना खरेला जनपद महोबा निवासी सीताराम पुत्र घनश्याम नवादा गांव में किराये पर रह रहा था। वह एक फर्नीचर की दुकान पर काम करता था। गुरुवार की रात वह संदिग्ध परिस्थितियों में तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया। आजपास के लोगों ने सीताराम को गंभीर स्थिति में गली में पड़ा देखकर मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी।
Read Also - नोएडा करंट न्यूज: स्कूटी सवार मां-बेटी को ट्रक ने रौंदा, बेटी की मौत Greater Noida
मौके पर पहुंची पुलिस घायल सीताराम को उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक सीताराम शराब पीने का आदी था। सीताराम दुर्घटनावश तीसरी मंजिल से गिरा है अथवा उसे किसी ने धक्का दिया है, इस बात की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।
थाना दनकौर क्षेत्र के रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन की चपेट में आने से उक्त व्यक्ति की मौत हुई है। जीआरपी चौकी दनकौर को सूचना मिली कि दनकौर रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। जीआरपी के मुताबिक मृतक की उम्र 45 वर्ष के आसपास है और उसके पास से ऐसा कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्र की पुलिस को शव का मिलने की सूचना दी गई है। Greater Noida News