
Greater Noida News : किसानों ने 12 सितंबर (मंगलवार) को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दोनों गेट बंद करने की पूरी तैयारी कर ली है। किसानों का साथ देने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी भी दल-बल के साथ ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और कर्मचारियों में भी कामकाज को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है। इधर किसान किसी भी स्थिति में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तालाबंदी के लिए अड़े हुए हैं।
बता दें कि किसान छह प्रतिशत, आबादी एवं लीजबाइक सहित कई मामलों का समाधान करने की मांगों को लेकर लगातार ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सामने डेरा डाले हुए हैं। पिछले दिनों ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और किसानों के प्रतिनिधिमंडल के बीच एक वार्ता भी हुई थी, जो चार घटों तक चली थी।
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कार्यालय में ही ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) रवि कुमार एनजी के साथ किसानों की एक वार्ता आयोजित की गई थी। इस बैठक में राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर के साथ ही जेवर के विधायक धीरेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। लेकिन लगभग 4 घंटे की बैठक के दौरान उनकी मौजूदगी भी बेकार गई।
जनप्रतिनिधियों के सामने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ और किसानों के बीच हुई बैठक में कई मुद्दों पर सहमति भी बन गई थी। ऐसा लगने लगा था कि अब प्राधिकरण और जनप्रतिनिधि वास्तव में किसानों की समस्याओं को दूर करने के लिए गंभीर हैं। लेकिन जब किसानों ने सहमति वाले मुद्दों का ब्यौरा मांगा, तो अधिकारियों ने ब्यौरा देने से इनकार कर दिया था, जिस कारण यह वार्ता बेनतीजा रह गई थी।
Greater Noida News : किसान नेताओं के अनुसार सहमति बनाने के बावजूद ब्यौरा देने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी 25 सितंबर की तारीख पर अड़ गए। आरोप यह भी है कि यहां पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने भी इस मामले में किसानों का साथ देने के बजाय प्राधिकरण के अधिकारियों के ही सुर में सुर मिला दिया।
इसके बाद बैठक में शामिल किसान भड़क गए। उनका कहना था कि बैठक के दौरान सहमति वाले मुद्दों का ब्यौरा देने में किसी को कोई नुकसान नहीं था, फिर भी ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी अपनी जिद्द पर अड़ गए। इसलिए उन्होंने बैठक के दौरान हुई बातों को मानने से इनकार करते हुए एक बार फिर पूर्वघोषित कार्यक्रम के अनुसार 12 सितंबर को प्राधिकरण पर तालाबंदी करने की घोषणा कर दी।
Greater Noida News : किसान सभा के प्रवक्ता डॉ. रूपेश वर्मा के अनुसार किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और जनप्रतिनिधियों ने कोई गंभीरता नहीं दिखाई है। लगता है कि स्थानीय जनप्रतिनिधि भी किसानों के मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इसलिए अब ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और प्रशासन के सामने किसानों को अपनी दिखानी ही होगी।
हालांकि राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी किसानों के आंदोलन में उनका साथ देने के लिए ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं। पार्टी के जिलाध्यक्ष जनार्दन भाटी का कहना है कि पार्टी स्तर पर किसानों के आंदोलन में पूरा सहयोग दिया जाएगा। इसी क्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी भी ग्रेटर नोएडा पहुंच रहे हैं।
इधर सरधना विधायक अतुल प्रधान भी किसानों के समर्थन में पूरी ताकत झोंक चुके हैं। जानकारी मिली है कि वे किसानों के समर्थन में जगह-जगह घूमकर पंचायत कर रहे हैं। उन्होंने 12 सितंबर को होने वाली ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तालाबंदी के लिए भी अधिक से अधिक किसानों के जुटने की अपील की है।
Greater Noida News : अपनी मांगों को लेकर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सामने प्रदर्शन कर रहे किसानों ने साफ कर दिया है कि जबतक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तबतक उनका आंदोलन जारी रहेगा। 12 सितंबर को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के दोनों गेट बंद किए जाएंगे और कोई भी कामकाज नहीं करने दिया जाएगा।
किसानों के धरने में किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर, प्रवक्ता डॉ. रूपेश वर्मा, रंगीलाल भाटी, कामरेड पुष्पेंद्र त्यागी, हरेंद्र, गवरी मुखिया, सुरेश यादव, सुरेंद्र यादव, मनवीर भाटी, सत्तू भाटी, अजय पाल भाटी, निशांत रावल, केशव रावल, अजब सिंह, मोहित भाटी, मोहित नागर, मोहित यादव, संदीप भाटी, पूनम भाटी, तिलक देवी, गीता भाटी, प्रेमवती, लाला नागर, राजू नागर सहित अनेक किसान अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं।
बड़ी ख़बर : PM मोदी के अनुवादक को लूटने वाले दो लुटेरे पकड़े गए
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।