जमीन की कीमतों में उड़ान, ग्रेनो बनेगी निवेशकों की पहली पसंद
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
30 Mar 2025 11:23 PM
Greater Noida News : नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सबसे नजदीक के यमुना सिटी में जमीन की दरों में भारी वृद्धि के एक दिन बाद ग्रेनो प्राधिकरण ने पांच फीसदी की बढ़ोत्तरी कर यहां के विकास को गति देने की कोशिश की है। नई दरों के हिसाब से यमुना सिटी के सीमावर्ती सेक्टरों में ग्रेनो स्थित जमीन की कीमतें यमुना प्राधिकरण की निर्धारित दर से कम हैं। ऐसे में विकसित शहर के रूप में ग्रेनो निवेशकों की पहली पसंद बन सकता है। आवासीय क्षेत्र में जमीन की 35 से 62 फीसदी तक कीमतों में वृद्धि से यमुना सिटी में नई आवासीय परियोजनाओं पर असर पड़ सकता है।
ग्रेनो में बढ़ सकती है जमीन की मांग
यमुना और ग्रेनो प्राधिकरण ने अपने अपने क्षेत्र में जमीन की सभी श्रेणियों में मांग के हिसाब से दरों में बढ़ोत्तरी की है। नई दरों के निर्धारण के बाद यमुना सिटी से सटे हुए ग्रेनो के सेक्टर इंटा, ओमिक्रान, ज्यू, सिगमा, सेक्टर पांच, छह, 11, 17 और 20 में जमीन की मांग बढ़ सकती है। कारण, इन सेक्टरों की ग्रुप हाउसिंग की वर्तमान दर 40,408 से 50,860 रुपये प्रतिवर्गमीटर है। जबकि यमुना सिटी में ग्रुप हाउसिंग 52500 रुपये प्रतिवर्गमीटर पहुंच गई है। सबसे अहम बात यह है कि यह सेक्टर शहर की लाइफ लाइन माने जाने वाली 130 मीटर रोड से जुड़े हैं। इसके साथ ही यहां द्वांचागत सुविधाओं का विकास हो चुका है। जबकि यमुना सिटी में ज्यादातर सेक्टर में सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास जारी है। ऐसे ही सीमावर्ती वाले सेक्टर में व्यावसायिक गतिविधियों के भूखंड भी चेनों में यमुना सिटी के मुकाबले सस्ते दर पर उपलब्ध हो सकते हैं।
यमुना सिटी में कॉर्पोरेट कार्यालय की कीमत 110% बढ़ी
यीडा ने शुक्रवार को नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के आसपास भूमि दरों में पर्याप्त वृद्धि की घोषणा की है। इसमें कॉर्पोरेट कार्यालय स्थानों में 110 फीसदी की सबसे अधिक वृद्धि की गई है। इसके बाद ग्रुप हाउसिंग भूखंडों में 60 फीसदी से अधिक की वृद्धि हुई। कॉर्पाेरेट कार्यालय स्थान की दरें 25,000 रुपये से बढ़कर 52,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर हो गई। जबकि ग्रुप हाउसिंग परियोजनाओं की लागत अब 52,500 रुपये प्रति वर्ग मीटर है। जो 32,375 रुपये से 62 फीसदी अधिक है। आवासीय भूखंड की दरें 35 फीसदी बढ़ी हैं।
एयरपोर्ट संचालन से पहले तैयारी में जुटा ग्रेनो
नोएडा एयरपोर्ट के व्यावसायिक संचालन से पहले ग्रेनो प्राधिकरण भी कनेक्टिविटी को मजबूत करने के साथ ही सुविधाओं के विस्तार में जुटा है। 130 मीटर पर बसवे का निर्माण, सभी गोलचक्कर और चौराहों को नया रूप, गाजियाबाद से कनेक्टिविटी के लिए शाहबेरी फ्लाईओवर धरातल पर उतारने में जुटा है। रवि एनजी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, ग्रेनो प्राधिकरण ने बताया कि सभी श्रेणी में निवेशकों को आमंत्रित करेंगे और शहर के विकास को रफ्तार मिलेगी। हमने दरों को भी इसी मांग के हिसाब से संशोधित किया है। Greater Noida News