ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में फिर खराब हुई लिफ्ट, फंसे रहे 6 लोग
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
07 Mar 2024 03:52 PM
Greater Noida News : दिल्ली के पास स्थित उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा की सोसाइटी में लिफ्ट में लोगों के फंसने के मामले खत्म नहीं हो रहे है। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में लिफ्ट में खराबी के मामले लगातार सामने आ रहे है। ऐसे ही एक मामला ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में सामने आया है। जहां एक लिफ्ट में दो परिवार के छह सदस्य करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे।
Greater Noida News
मामला ग्रेटर नोएडा वेस्ट की गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी का है। जहां एक टावर की लिफ्ट में दो परिवार के छह सदस्य करीब 45 मिनट तक फंसे रहे। इनमें दो बच्चे भी शामिल थे। आरोप है कि अलार्म बजाने और हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने के बाद भी समय से मदद नहीं मिली। बाद में दोस्तों से मदद मांगने पर एओए की टीम ने मेंटेनेंस कर्मचारियों की मदद से दोनों परिवार के लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला। सोसाइटी में रहनेवाले लोगों ने लिफ्ट का रखरखाव सही तरीके से नहीं करने का आरोप लगाया है।
45 मिनट तक लिफ्ट में फसें रहे लोग
गौड़ सौंदर्यम सोसाइटी में रहने वाले लोगों ने बताया कि सोसाइटी के ट्यूलिप टावर निवासी दुर्गेश यादव मंगलवार रात परिवार के साथ कॉमन एरिया में टहल रहे थे। रात करीब 11 बजे वह पत्नी निधि और 6 वर्षीय बेटे विराट के साथ फ्लैट में जाने के लिए लिफ्ट में सवार हुए। उनके साथ एक अन्य दंपती और बच्चा भी साथ था। आरोप है कि दूसरे और तीसरे फ्लोर के बीच में लिफ्ट अचानक अटक गई। काफी देर तक लिफ्ट का अलार्म बजाने और हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने पर भी मदद नहीं मिली। करीब 45 मिनट तक दोनों परिवार लिफ्ट में फंसे रहे।
सांस लेने में होने लगी थी दिक्कत
लिफ्ट में फंसे ही उन्होंने दोस्तों और एओए के सदस्यों को फोन किया। एओए सदस्यों के मेंटेनेंस टीम को सूचना देने के बाद दोनों परिवार को बाहर निकाला गया। पीड़ितों का आरोप है कि लिफ्ट में फंसने के कारण बच्चे और महिलाएं काफी सहम गए थे। लिफ्ट में फंसे होने के कारण उन्हें सांस लेने में भी दिक्कत आ रही थी।
लिफ्ट की जांच कराने की कही बात
वहीं गौड़ ग्रुप के मीडिया प्रभारी का कहना है कि फरवरी में सोसाइटी के रखरखाव की जिम्मेदारी एओए को दी जा चुकी है। अब जिम्मेदारी एओए की है। वहीं एओए के सदस्यों का कहना है कि बिजली जाने से लिफ्ट रुकी थी। समय पर पहुंचकर लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाल लिया गया था। लिफ्ट की फिर से जांच कराई जाएगी।