
Greater Noida News : UP की विधानसभा के फ्लोर पर रखी गई स्थानीय निधि लेखा परीक्षक (Local Audit ) की रिपोर्ट ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में खलबली मचा रखी है। शासन से ग्रेटर नोएडा पहुंची रिपोर्ट पर बिन्दुबार जांच के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि कुमार एनजी ने जांच समिति गठित कर दी है। ऑडिट रिपोर्ट में 10 अरब रूपए से भी अधिक के घोटालों का जिक्र है।
आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहल पर नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरणों के 10 साल के कामों की जांच भारत के नियंत्रक महालेखा परीक्षक यानि CAG से कराई गई थी। CAG की रिपोर्ट में बड़े पैमाने पर घपले घोटाले सामने आए थे। उन घोटालों की जांच यूपी सरकार ने स्थानीय निधि लेखा परीक्षक से कराई थी। इस जांच के लिए अकेले ग्रेटर नोएडा में 10 अरब से अधिक के घोटाले प्रकाश में आए हैं।
स्थानीय निधि लेखा परीक्षक की रिपोर्ट हाल ही में उप्र की विधानसभा में रखी गयी थी। उप्र शासन ने उस रिपोर्ट को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पास भेजकर आगे की कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। उन्हीं निर्देशों के आधार पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि कुमार एनजी ने जांच कमेटी का गठन कर दिया है। जांच कमेटी में पांच अधिकारियों को शामिल किया गया है। कमेटी को निर्देश दिया गया है कि सभी मामलों की विस्तृत जांच करके, की जाने वाली कार्यवाही की संस्तुति करें।
इस विषय में पूछे जाने पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO रवि कुमार एनजी ने कहा कि जांच आख्या आते ही सख्त कार्यवाही शुरू की जाएगी। जो भी अधिकारी अथवा कर्मचारी दोषी पाया जाएगा। उसके विरूद्ध कार्यवाही होगी। गलत फैसलों के कारण प्राधिकरण को जो भी घाटा उठाना पड़ा है उसकी भरपाई घाटे का कारण बने अधिकारियों से कराई जाएगी। जांच कमेटी को लेकर प्राधिकरण में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।