ग्रेनो में तीन सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में निकली भूखंडों की लॉटरी
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 01:03 PM
Greater Noida News : यमुना प्राधिकरण के 276 आवासीय भूखंड के लिए 54225 आवेदन आए। एक भूखंड के लिए कमोवेश 2000 आवेदक होने की वजह से बिना कोई आरोप लगे लॉटरी कराना भी चुनौती हो गई। लॉटरी पूरी पारदर्शिता से हो, इसके लिए प्राधिकरण ने फुलप्रूफ तरीका निकाला। शुक्रवार को हाईकोर्ट के तीन सेवानिवृत्त न्यायाधीशों के पर्यवेक्षण में यह लॉटरी कराने का फैसला लिया गया। शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा के एक्सपो सेंटर में सेक्टर-18 के 200 वर्गमी के भूखंडों के लिए यह लॉटरी कराई गई। इस दौरान हाईकोर्ट कि सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस अल्लाह रहम, जस्टिस अनिरुद्ध सिंह और जस्टिस भंवर सिंह मौजूद रहे। पूरी प्रक्रिया को इन न्यायाधीश ने पहले परखा। इसके बाद लॉटरी की प्रक्रिया शुरू हुई।
स्कूली बच्चों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गई
आवेदकों के अलावा स्कूली बच्चों से लॉटरी की पर्चियां निकलवाई गई। इसके बाद भूखंड संख्या आवंटित की गई। इस दौरान एक ही बैंक खाते से दो या अधिक आवेदन मिलने पर 87 को लॉटरी में शामिल नहीं किया गया। ऐसा ब्रोशर में शामिल शर्त की वजह से किया गया। ऐसे 39 खाते स्क्रूटिनी में मिले। एक खाते से एक ही आवेदक को लॉटरी में शामिल होने की अनुमति दी गई।
लॉटरी में सफल रहे आवेदकों की सूची अपलोड की गई
लॉटरी कराने के लिए ओएसडी शैलेंद्र भाटिया की अध्यक्षता में बनी समिति में सदस्य के रूप में ओएसडी अजय शर्मा. जीएम वित्त अशोक कुमार सिंह, जीएम प्रोजेक्ट राजेन्द्र भाटी, तहसीलदार मनीष सिंह शामिल थे। शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि लॉटरी से किसान, दिव्यांग श्रेणी के भी भूखंड सामान्य श्रेणी के साथ आवंटित किए गए हैं। पर्चियों के परीक्षण और सूची मिलान के लिए तहसील के अधिकारी मनोज कुमार सिंह, संजय सिंह और पंकज बतरिया शामिल रहे। लॉटरी में सफल रहे आवेदकों की सूची भी यमुना प्राधिकरण की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।