सिस्टर सिटी के लिए ग्रेनो प्राधिकरण व अमेरिका के लोउडन काउंटी सिटी के बीच हुआ एमओयू
Greater Noida
भारत
चेतना मंच
30 Nov 2025 05:16 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अमेरिका के लोउडन काउंटी सिटी के बीच मेमोरंडम साइन हो गया है। इससे ग्रेटर नोएडा में आर्थिक, व्यापारिक, शैक्षणिक और इनवायर्नमेंट आदि क्षेत्रों में निवेश की राह खुल गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर एसीईओ मेधा रूपम और अमेरिका के लोउडन काउंटी सिटी, वर्जीनिया के इकोनॉमिक डेवलपमेंट विभाग के कार्यकारी निदेशक बडी राइजर ने एमओयू पर ऑनलाइन हस्ताक्षर किए।
कई चीजों के आदान-प्रदान में मिलेगी सहूलियत
दरअसल, ग्रेटर नोएडा और अमेरिका के लोउडन काउंटी सिटी के साथ सिस्टर सिटी के रूप में एग्रीमेंट करने के लिए प्राधिकरण काफी समय से प्रयासरत है। अब इसे अमली-जामा पहना दिया गया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और अमेरिका के लोउडन काउंटी सिटी के बीच मेमोरंडम साइन हो गया है। दोनों शहरों के बीच शिक्षा, व्यापार, संस्कृति, बायोटेक, कृषि, फार्मास्यूटिकल, सूचना औैर तकनीक आदि का सीधे आदान-प्रदान करने में सहूलियत होगी। एक-दूसरे के प्रतिनिधि दोनों शहरों में जाकर अध्ययन कर सकेंगे। इससे पहले इस तरह का एग्रीमेंट वाराणसी, लखनऊ, आगरा आदि शहरों और अलग-अलग देषों के बीच सिस्टर सिटी एग्रीमेंट हो चुके हैं।
Greater Noida News
जनवरी में किया था प्राधिकरण का दौरा
आपको बता दें कि विगत जनवरी माह में अमेरिका के लोउडन काउंटी सिटी वर्जीनिया के इकोनॉमिक डेवलपमेंट विभाग के कार्यकारी निदेशक बडी राइजर तीन अन्य प्रतिनिधियों के साथ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण आए थे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार व अन्य अधिकारियों के साथ बैठक कर इसकी रूपरेखा तय कर ली थी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की तरफ से भी प्रस्तुतिकरण के जरिए नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट जेवर, रोड इंफ्रास्ट्रक्चर, मेट्रो कनेक्टीविटी, एक्सप्रेसवे, ग्रीनरी, बड़ी कंपनियों, शिक्षण संस्थानों, डाटा सेंटर हब, आईआईटीजीएनएल, मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक हब व मल्टी मॉडल ट्रांसपोर्ट हब आदि की उपलब्ध कराई गई थी। इसके बाद विदेशी प्रतिनिधिमंडल ने ग्रेटर नोएडा व आईआईटीजीएनएल के अलग-अलग हिस्से में जाकर इंफ्रास्ट्रक्चर को भी देखा। अब इस परियोजना को अमली जामा पहना दिया गया है।