
ग्रेटर नोएडा न्यूज (चेतना मंच)। यूपी में ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र की एक सोसायटी में देर रात अफ्रीकी मूल के नागरिकों ने एंट्री से रोके जाने के बाद बड़ा बवाल किया। विदेशी नागरिकों ने इस दौरान सोसायटी में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ बुरी तरह मारपीट की तथा उसे जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के कारण पीड़ित को काफी चोटें आई हैं।
ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 में स्लेटर सिग्मा-4 के स्टेट मैनेजर जीतू चौधरी ने रिपोर्ट दर्ज करायी है कि देर रात दो गाडिय़ों में सवार होकर कुछ अफ्रीकी मूल के नागरिक सोसायटी में पहुंचे। गेट पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने विदेशी नागरिकों को एंट्री से रोक दिया। जिसके बाद दोनों गाडिय़ों में सवार नाइजीरियन नागरिक कार से बाहर निकल गाए और हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने सिक्योरिटी गार्डों से बदत्तमीजी भी की।
इस दौरान सोसायटी के फ्लैट 201 में रहने वाले आकाश पुत्र राजेन्द्र कुमार शर्मा मौके पर पहुंचे और नाइजीरियन नागरिकों को समझाने का प्रयास किया। लेकिन हंगामा कर रहे नाइजीरियन नागरिक आकाश के साथ भिड़ गए और उनके साथ मारपीट करने लगे जिसके चलते उन्हें काफी चोट आई है। जीतू चौधरी ने नाइजीरियन नागरिक फैसल फग्गे पुत्र फलालु फग्गे, सनाउल्लाह मोहम्मद तुमाला पुत्र मोहम्मद तुमाला, आईबीरेहिम अहमद इब्राहिम पुत्र अहमद इब्राहिम के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करायी है।