
Greater Noida News (चेतना मंच)। वर्ष-2024 में लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक स्तर पर काम शुरू हो गया है। जनपद गौतमबुद्धनगर में ग्रुप हाउसिंग सोसायटी तथा बहुमंजिली इमारतों में मतदेय स्थल बनाए जाने को लेकर जिलाधिकारी (DM) मनीष कुमार वर्मा ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की तथा उनके प्रस्तावों पर चर्चा की।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला मजिस्ट्रेट (DM) मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा बहुमंजिली इमारतों में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के उद्देश्य से मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को बैठक में उपस्थित सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया गया।
जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि वर्तमान में विधानसभा क्षेत्र 61 नोएडा में 9 मतदान केंद्र बदलने एवं 27 अतिरिक्त मतदेय स्थल बनाए जाने तथा विधानसभा क्षेत्र 62 दादरी में 25 मतदान केंद्र बदलने व 18 अतिरिक्त मतदेय स्थलों के प्रस्तावों का आलेख्य प्रकाशन किया गया है। विधानसभा क्षेत्र 63 जेवर से कोई भी प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है।
बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जिला मजिस्ट्रेट को अवगत कराया कि प्रस्ताव की संख्या कम है, मतदेय स्थलों को और बढ़ाया जा सकता है। जिला मजिस्ट्रेट मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप जो भी मतदेय स्थल संबंधित प्रस्ताव राजनीतिक दलों के द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे उन पर विचार किया जाएगा।
बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिला मजिस्ट्रेट वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, SDM सदर अंकित कुमार, SDM दादरी आलोक गुप्ता, डिप्टी कलेक्टर चारुल यादव तथा सभी राजनीतिक दलों के अध्यक्ष तथा सांसद व विधायक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।