नोएडा बनेगा नया मायानगरी, इंटरनेशनल फिल्म सिटी को मिली हरी झंडी
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
12 Jun 2025 04:23 PM
Greater Noida News : गौतम बुद्ध नगर में बनने जा रही इंटरनेशनल फिल्म सिटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने इस बहुप्रतीक्षित परियोजना के पहले चरण के मास्टर लेआउट को मंजूरी दे दी है। अब 27 जून को फिल्म सिटी का भव्य शिलान्यास प्रस्तावित है जहां बॉलीवुड की चकाचौंध और ग्लैमर का आगाज होगा।
80 एकड़ में तैयार होगी पहली झलक
फिल्म सिटी का पहला चरण सेक्टर-21 में 80 एकड़ जमीन पर विकसित होगा। इसमें से 54 एकड़ में फिल्म स्टूडियो, यूनिवर्सिटी और अन्य फिल्म निर्माण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होंगी जबकि 26 एकड़ को ग्रीन बेल्ट के रूप में संरक्षित किया जाएगा। प्राधिकरण ने यह लेआउट शर्तों के साथ मंजूर कर फिल्म निर्माता बोनी कपूर को सौंप दिया है।
संशोधन के बाद मिली हरी झंडी
इससे पहले बोनी कपूर और भूटानी इंफ्रा के सीईओ आशीष भूटानी ने 230 एकड़ का मास्टर प्लान पेश किया था, लेकिन उसमें कई तकनीकी खामियां पाई गई थीं जैसे ग्रीन बेल्ट की अस्पष्टता, फिल्म इंस्टीट्यूट की जगह होटल और वेयरहाउस दिखाना आदि। इन्हीं कारणों से योजना को वापस भेज दिया गया था। अब संशोधित और स्पष्ट नक्शा पास हो चुका है जिससे शिलान्यास का रास्ता साफ हो गया है।
देरी पर लगेगा जुर्माना
बता दें कि, 27 फरवरी 2025 को कंपनी को 230 एकड़ जमीन का कब्जा मिल गया था लेकिन नक्शा स्वीकृत न होने के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था। अब मंजूरी मिलते ही 27 जून को शिलान्यास तय माना जा रहा है। यदि निर्माण में देरी होती है, तो कंपनी पर रोज़ाना ₹1.5 लाख का जुर्माना लगाया जाएगा।
जानिए फिल्म सिटी की खासियतें
इस 54 एकड़ क्षेत्र में निम्नलिखित प्रमुख सुविधाएं विकसित की जाएंगी
अत्याधुनिक फिल्म स्टूडियो, साउंड स्टेज और पोस्ट-प्रोडक्शन यूनिट
हवाई जहाज और हेलीकॉप्टर की शूटिंग के लिए रनवे व हेलीपैड
सांसद गैलरी, समुद्र और उत्तराखंड के चार धाम पर आधारित सेट्स
ऊर्जा और विविध विषयों पर आधारित थीम लोकेशंस
पहले 15% काम पूरे करने होंगे
योजना के तहत कंपनी को सबसे पहले फिल्म सिटी और स्टूडियो निर्माण से जुड़ा 15% कार्य पूरा करना होगा, तभी उसे बाकी व्यावसायिक निर्माण की अनुमति दी जाएगी। इस परियोजना से न सिर्फ उत्तर भारत में फिल्म निर्माण को नया आयाम मिलेगा, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार और प्रशिक्षण के नए अवसर भी खुलेंगे। Greater Noida News