ग्रेटर नोएडा के अस्पताल में 10 रुपये में मिलेगा पौष्टिक भोजन
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:07 PM
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 06:07 PM
Greater Noida News : राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान, ग्रेटर नोएडा में भर्ती मरीजों के तीमारदारों के लिए भोजन की विशेष व्यवस्था शुरू की गई है। जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मनीष कुमार वर्मा ने ‘धन्वन्तरि अन्नपूर्णा केन्द्र’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस पहल से अब संस्थान में भर्ती मरीजों के साथ आए तीमारदारों को मात्र 10 रूपये में स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध होगा। आर्थिक रूप से अत्यंत कमजोर तीमारदारों को नि:शुल्क भोजन भी प्रदान किया जाएगा।
धन्वन्तरि सेवा न्यास द्वारा अन्नपूर्णा केन्द्र की शुरुआत
संस्थान के निदेशक ब्रिगेडियर (डॉ.) राकेश गुप्ता ने जानकारी दी कि अब तक मरीजों के लिए तो भोजन व्यवस्था थी, लेकिन तीमारदारों को भोजन के लिए बाहर असुरक्षित भोजन स्थलों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार इन्हें भूखा भी रहना पड़ता था, जिससे उनकी सेहत पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। इस आवश्यकता को देखते हुए धन्वन्तरि सेवा न्यास द्वारा अन्नपूर्णा केन्द्र की शुरुआत की गई है।
धन्वन्तरि सेवा न्यास प्रदेश में चिकित्सा क्षेत्र में सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है और अब ग्रेटर नोएडा संस्थान में भी अपनी सेवाएं देगा। इस केन्द्र के प्रमुख संचालक प्रणब शर्मा रहेंगे, जो अपनी टीम के साथ प्रतिदिन सुबह 11 बजे से भोजन व्यवस्था संचालित करेंगे। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने कहा कि इस व्यवस्था की लंबे समय से जरूरत थी। अब मरीजों के तीमारदारों को समय पर स्वच्छ एवं सुरक्षित भोजन उपलब्ध होगा, जिससे वे पूरी तन्मयता से अपने मरीजों की देखभाल कर सकेंगे। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान ग्रेटर नोएडा के 06 पैरामेडिकल छात्रों एवं 02 नर्सों को आयोजित कार्यक्रम में टैबलेट-स्मार्टफोन का वितरण भी किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सौरभ श्रीवास्तव, संकायाध्यक्ष प्रशासन डॉ. सौरभ श्रीवास्तव तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. (कर्नल) ब्रज मोहन सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। Greater Noida News