Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में बने सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की आनलाइन मॉनिटरिंग हो सकेगी। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने बादलपुर के बाद अब ईकोटेक-2 व 3 के एसटीपी पर भी आनलाइन कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम (OCMS) लगाया है। अब कासना स्थित 137 MLD STP ही बचा है। जिस पर ओसीएमएस नहीं लगा है। एक माह में यहां भी OCMS लग जाएगा। इन STP की निगरानी उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नेशनल मिशन फॉर क्लीन गंगा (NMCG) भी अपने आफिस में बैठकर कंप्यूटर पर कर सकेंगे। नमामि गंगा परियोजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी STP को आनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस किया जा रहा है। जिससे STP से सीवरेज के ट्रीटमेंट की आनलाइन मॉनिटरिंग हो सके।
ग्रेटर नोएडा में आनलाइन कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम तत्काल लगाने के निर्देश
इसके मद्देनजर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के CEO एनजी रवि कुमार ने सीवर विभाग को ग्रेटर नोएडा के सभी STP में आनलाइन कंट्रोल मॉनिटरिंग सिस्टम तत्काल लगाने के निर्देश दिए। जिस पर अमल करते हुए सीवर विभाग ने बादलपुर स्थित दो MLD क्षमता के एसटीपी पर सबसे पहले इसे लागू किया और फिर एक माह में दो और STP सेक्टर इकोटेक-दो इकोटेक-3 पर OCMS लगाया है। एक STP पर आनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम लगाने में लगभग 30 लाख रुपये खर्च हो रहे हैं। जिसे प्राधिकरण वहन कर रहा है।
सिंचाई व निर्माण कार्य में लिया जा रहा ट्रीटेड वाटर
STP से सीवरेज को शोधित करने से प्राप्त पानी का इस्तेमाल सिंचाई और निर्माण कार्यों में किया जा रहा है। NTPC भी बिजली उत्पादन के लिए इसी पानी का इस्तेमाल करने पर विचार कर रहा है। इस योजना पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और NTPC के बीच बातचीत चल रही है। वरिष्ठ प्रबंधक विनोद शर्मा ने बताया कि आनलाइन मॉनिटरिंग सिस्टम से लैस होने के बाद प्राधिकरण के सीवर विभाग के अधिकारी आफिस में बैठकर नजर रख सकेंगे।