
Greater Noida News: आगामी 18 जुलाई को ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण कार्यालय पर होने वाले किसानों के आंदोलन को लेकर शुक्रवार को किसानों और विपक्षी दलों के कई नेताओं ने बड़ा ऐलान किया है। प्राधिकरण कार्यालय पर 20 हजार से अधिक किसानों के जुटने का दावा भी किया जा रहा है। दावा यह भी किया गया है कि सभी 20 हजार किसान प्राधिकरण कार्यालय का जबरदस्त तरीके से घेराव करेंगे।
शुक्रवार को नोएडा प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान यह जानकारी दी गई। आंदोलन में सपा, कांग्रेस लोक दल, आजाद समाजवादी पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी एवं जिले में सक्रिय सभी किसान संगठनों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लेने का ऐलान किया है।
प्रेसवार्ता में सपा के जिला अध्यक्ष सुधीर भाटी, लोकदल के जिलाध्यक्ष जनार्दन भाटी, कांग्रेस के जिलाध्यक्ष दीपक चोटीवाला, किसान यूनियन अंबावता के बृजेश, किसान यूनियन अजगर के राष्ट्रीय अध्यक्ष हरवीर नागर और प्रवक्ता नरेश चपरगढ, किसान यूनियन बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी एवं सीटू के नेता कॉमरेड गंगेश्वर दत्त शर्मा, महिला समिति की नेता आशा यादव, किसान यूनियन लोक शक्ति के नेता मास्टर श्योराज सिंह, किसान एकता संघ के नेता सौरन प्रधान ने संयुक्त रुप से ऐलान किया कि सभी किसान संगठन और विपक्षी पार्टियां ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विरुद्ध जमकर लड़ने को तैयार हैं। नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना प्राधिकरण एक ही कानून के तहत स्थापित संस्थाएं हैं। तीनों प्राधिकरणों के लिए बनने वाली नीतियां भी एक जैसी होती हैं 10 प्रतिशत का मुद्दा तीनों प्राधिकरणों में समान रूप से लागू होना है, इसलिए सभी संगठन एक साथ मिलकर प्राधिकरण के विरुद्ध आंदोलन करने को तैयार हैं।
किसान सभा के प्रवक्ता डॉ. रुपेश वर्मा ने कहा कि किसानों के तमाम मुद्दों पर एकजुटता और संयुक्त मोर्चे की अत्यंत आवश्यकता है। दिल्ली आंदोलन से सबक लेकर हम अपने जिले में इस चीज को लागू कर रहे हैं विपक्षी राजनीतिक पार्टियों की किसानों के मुद्दों को हल कराने में महत्वपूर्ण भूमिका है। प्राधिकरण और सरकार किसान विरोधी नीतियां बना रहे हैं और किसानों के पूर्व में समझौते से पीछे हटकर वादाखिलाफी कर रहे हैं। इसके विरोध में पूरे क्षेत्र में आक्रोश है। 2
4 जून को किए गए समझौता जो अभी ताजा-ताजा समझौता है उसने यह बात दोबारा रेखांकित कर दी है कि प्राधिकरण के लिए धोखाधड़ी और वादाखिलाफी बच्चों का खेल है इसलिए आज प्राधिकरण और किसानों के बीच विश्वास की गहरी खाई पैदा हो गई है जिसे जल्दी से पाटना तभी संभव है जब प्राधिकरण के अधिकारी इमानदारी से किसानों के उक्त मुद्दों को हल करें।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नागर ने कहा कि किसान सभा ने अपनी लड़ाई आर-पार के मूड से शुरू की है। इस लड़ाई को जीतकर ही दम लिया जाएगा। किसान सभा ने आंदोलन केवल स्थगित किया था और प्राधिकरण, सरकार और सांसद को मौका दिया था कि वह अपनी कही बात पर अमल करें। पुलिस प्रशासन, प्राधिकरण, सरकार और सांसद सुरेंद्र नागर अपने वादे के अनुसार 18 जुलाई तक कार्य करें अन्यथा झूठ बोलने वादाखिलाफी करने की कीमत चुकाने को तैयार रहें।
कांग्रेस पार्टी के नेता दीपक चोटीवाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसानों के मुद्दों पर किसान सभा के आंदोलन में कंधे से कंधा मिलाकर लड़ने को तैयार है। जरुरत पड़ने पर शीर्ष नेतृत्व को आंदोलन में शामिल किया जाएगा। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि सपा उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी पार्टी है और हम अपना कर्तव्य पूर्व की भांति निभाते रहेंगे। आवश्यकता पड़ने पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी आंदोलन में शामिल करेंगे। लोकदल के जिला अध्यक्ष जनार्दन जनार्दन भाटी ने कहा कि जयंत चौधरी को लगातार आंदोलन के बारे में अवगत कराते रहे हैं आगे भी कराते रहेंगे और उन्हें आंदोलन में ले करके आएंगे। आजाद समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश गौतम ने ऐलान करते हुए कहा कि आसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर रावण गरीबों किसानों के लिए लगातार लड़ाई लड़ते रहे हैं आगे भी लड़ते रहेंगे। दो बार किसान आंदोलन में ग्रेटर नोएडा आ चुके हैं। आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आएंगे।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेता गंगेश्वर दत्त शर्मा ने कहा कि किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ा जाएगा। किसान यूनियन अंबावता के नेता विकास और बृजेश ने कहा कि किसान यूनियन अंबावता 7 फरवरी से ही किसान सभा के आंदोलन में साथ रही है आगे भी साथ रहेगी। किसान यूनियन के नेता हरवीर नागर और नरेश चपरगढ़ ने ऐलान करते हुए कहा कि हम प्राधिकरण और सरकार के झूठे वादों से तंग आ चुके हैं पूरे जिले का किसान एकजुट है और आगे भी एकजुट होकर संघर्ष करता रहेगा।
किसान यूनियन बलराज के राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने ऐलान किया कि 18 जुलाई के आंदोलन में भी बढ़ चढ़कर हिस्सा लेगी। किसान यूनियन लोक शक्ति के नेता मास्टर श्योराज सिंह ने ऐलान किया कि अफसरों को हमारी साफ चेतावनी है कि किसानों के 10% प्लाट सहित अन्य सभी प्रमुख मुद्दों को तुरंत हल किया जाए अन्यथा सरकार को इसके परिणाम भुगतने होंगे। किसान एकता संघ के नेता सोरन प्रधान ने कहा कि हमारी यूनियन सभी यूनियनों के साथ मिलकर आगे बढ़ने को तैयार है। भारतीय वीर दल ने ऐलान करते हुए कहा कि हमेशा की तरह हम किसान सभा के आंदोलन में साथ खड़े रहेंगे। महिला समिति की नेता आशा यादव ने कहा कि हजारों महिलाएं आंदोलन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में गवरी मुखिया, सूबेदार ब्रह्मपाल, निशांत रावल, जगबीर नंबरदार, हरेंद्र खारी, नरेंद्र भाटी, महाराज सिंह प्रधान, प्रकाश प्रधान, अजय पाल भाटी, प्रशांत भाटी, अजब सिंह नेताजी, मोहित भाटी, संदीप भाटी, सतीश यादव, सुरेश यादव, यतेंद्र मैनेजर, पप्पू प्रधान, सुशील सुनपुरा, मुकेश खेड़ी, निरंकार प्रधान किसान सभा के अन्य नेता कार्यकर्ता पार्टियों एवं अन्य किसान यूनियनों संगठनों के नेता कार्यकर्ता उपस्थित रहे। Greater Noida News