Greater Noida News :फार्म हाउस से पार्टी कर लौटरहे लोगों पर हमला कार के शीशे तोड़े, कई किलोमीटर तक किया पीछा
भारत
चेतना मंच
02 Dec 2025 03:02 AM
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा । थाना ईकोटेक-1 (Thana Ecotech-1) क्षेत्र के मोतीपुर गांव के पास खेतों में बने फार्म हाउस पर आज तड़के पार्टी कर वापस लौट रहे लोगों के साथ कुछ अज्ञात लोगों ने मारपीट की। मारपीट का विरोध करने पर आरोपियों ने उनकी कार के शीशे तोड़ दिए और करीब 4 किलोमीटर तक उनका पीछा किया। कार सवारों ने किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस भी 2 घंटे बाद मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक मोतीपुर गांव के खेतों में आनंद शुक्ला का फार्म हाउस है। बीती रात्रि फार्म हाउस पर दो महिलाओं सहित 12 लोग पार्टी करने के लिए पहुंचे थे। जिस दौरान फार्म हाउस पर पार्टी चल रही थी उस दौरान दो अज्ञात व्यक्ति फार्म हाउस में जबरन घुस आये। इस दौरान पार्टी कर रहे लोगों व उक्त व्यक्तियों की आपस में मारपीट भी हुई। आज सुबह सभी लोग फार्म हाउस से पार्टी कर वापस लौट रहे थे। फार्म हाउस से निकलते ही करीब एक दर्जन लोगों ने इनकी कार को घेर लिया और लाठी-डंडों से उनकी कार पर हमला कर दिया। दर्जनों लोगों ने करीब 4 कारों में जमकर तोडफ़ोड़ की। कार सवार लोगों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और पुलिस को सूचना दी। कार सवारों का आरोप है कि अज्ञात व्यक्तियों ने अपने वाहनों से करीब 4 किलोमीटर तक उनका पीछा किया। सूचना देने के 2 घंटे बाद भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इसके पश्चात पीडि़तों ने ट्वीट कर घटना की जानकारी पुलिस के आला अधिकारियों को दी। ट्वीट के बाद हरकत में आई पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और आरोपी युवकों की तलाश की जा रही है।