
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के थाना दादरी क्षेत्र में करीब एक माह पूर्व गोली मारकर एक व्यक्ति की हत्या का प्रयास करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को सोमवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ घायल युवक की पत्नी ने नामजद मुकदमा दर्ज कराया था।
थाना प्रभारी सुजीत उपाध्याय ने बताया कि 18 सितंबर 2023 को ग्राम मिल्क खटाना निवासी पूजा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति कुलदीप पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला किया। कुलदीप को मारने की नीयत से उस पर तमंचे से फायर किया गया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की गई। मुखबिर की सूचना के आधार पर इस मामले में वांछित आरोपी गुल्लू उर्फ हर्ष पुत्र राजपाल सिंह निवासी ग्राम मिल्क को शाहपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
नोएडा में ड्यूटी खत्म करने के बाद वापस अपने घर जा रहे एक व्यक्ति से सुनसान जगह पर मारपीट कर मोबाइल फोन लूटने वाले दो बदमाशों को थाना फेस-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन व एक चाकू बरामद हुआ है।
थाना प्रभारी विंध्याचल तिवारी ने बताया कि बीते शुक्रवार की शाम को तय कुमार नामक व्यक्ति ड्यूटी खत्म कर वापस अपने घर जा रहा था। इस दौरान सुब्रोस कंपनी के पास सुनसान जगह पर दो युवकों ने उसे रोककर गाली गलौज शुरू कर दी। उसने जब गाली गलौज का विरोध किया तो दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट कर उससे मोबाइल फोन लूट लिया था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। मुखबिर की सूचना के आधार पर सेक्टर-81 तिराहे के पास से मोनू व बादल को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से चाकू व लूट गया मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जांच पड़ताल कर रही है।
आपको बता दें कि लूट की इस घटना के बाद पीड़ित पुलिस चौकी और थाने पहुंचा था, लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई थी इसके बाद किसी व्यक्ति ने इस मामले को सोशल मीडिया पर डाल दिया। सोशल मीडिया से मामले की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया था।