
ग्रेटर नोएडा पहुंचे केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस बड़ा हामला बोलते हुए कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा हिन्दु और मुसलमानों को बांटकर केन्द्र में अपनी सरकारें बनाई हैं। कांग्रेस अब भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर हिन्दु और मुसलमानों को बांटने का जो आरोप लगा रही है वह पूरी तरह गलत है। केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज दादरी पहुंचकर गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी डा. महेश शर्मा के समर्थन में वोट मांगे। राजनाथ सिंह ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि देश को विकास के शिखर पर पहुंचाने के लिए तीसरी बार देश के यशस्वी नेता नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना है।
दादरी के बिसाहड़ा में स्थित राणा संग्राम इंटर कॉलेज ग्राउंड एनटीपीसी दादरी रोड पर मंगलवार को गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा के समर्थन में जनसभा का आयोजन किया गया। इस जनसभा में केन्द्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने जनसभा में मौजूद अपार भीड़ को संबोधित किया। रक्षामंत्री ने अपना संबोधन भारत माता की जय के उदघोष से शुरू किया। जनसभा में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि जनता ने बेहद गर्मजोशी के साथ मेरा स्वागत किया है। इसका मैं आभारी हूं। उन्होंने कहा कि एक समय था कि पूर्व में नोएडा राजनेताओं और अधिकारियों के लिए भ्रष्टाचार का एक बड़ा सेंटर था, लेकिन केन्द्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार ने आज इस क्षेत्र की तस्वीर बदल दी है। आज नोएडा करप्शन का सेंटर नहीं बल्कि भारत के डवपलमेंट का सेंटर बन गया है। आज नोएडा पर्यटन और कानून व्यवस्था के लिए देश भर में जाना जाता है। उन्होंने बताया कि जब वह मुख्यमंत्री थे तो जेवर में एयरपोर्ट के प्रस्ताव को लेकर केन्द्र की सरकार के पास गए थे, लेकिन पूर्व की सरकारों ने इस योजना को ठंडे बस्ते में डाल दिया।
राजनाथ सिंह ने कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी का आभार व्यक्त करना चाहते हैं कि उन्होंने जेवर एयरपोर्ट को बनाने का संकल्प लिया। राजनाथ सिंह ने कहा कि पहले उप्र की गिनती गरीब राज्यों की श्रेणी में होती है। लेकिन डबल इंजन की सरकार ने करिशमाई काम किया है और मुझे ये कहते हुए गर्व है कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था 1 मिलियन डॉलर तक पहुंप जाएगी। राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इकलौती ऐसी पार्टी है जो वायदे करती है तो उन्हें पूरा भी करती है। केन्द्र में बहुमत की सरकार बनने के बाद भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से धारा-370 को समाप्त किया। अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण किया। साथ ही तीन तलाक की कुप्रथा को भी समाप्त कर लाखों बहन-बेटियों को उनका सम्मान लौटाया। विपक्ष पर हमला बोलते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आज विपक्ष प्रधानमंत्री पर अंगुली उठा रहा है कि वह हिन्दु-मुस्लिम को बांटकर राजनीति कर रहे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज तक हिन्दु-मुस्लिम व अन्य सम्प्रदायों में कोई फर्क नहीं किया। कांग्रेस हमेशा जनता को धोखे में रखकर राजनीति करती है। जनसभा में राजनाथ सिंह ने देश की अर्थव्यवस्था, रूस-यूक्रेन युद्ध के दौरान फंसे 25 हजार भारतीय बच्चों को सुरक्षित वापस लाने तथा रक्षा के क्षेत्र में हुए विकास तथा भारत का दुनिया में बढ़ रहे सम्मान की बात रखी।
अपने संबोधन के दौरान रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डा. महेश शर्मा ने क्षेत्र में काफी विकास करवाया है और अपने क्षेत्र का विकास करने के लिए वह मंत्रियों को बहुत परेशान करते हैं। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर देश का अगला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बनाना है तो इस क्षेत्र से डा. महेश शर्मा को 5 लाख से अधिक वोटों से जिताकर संसद में भेजें।
जनसभा में भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष सतेन्द्र सिसोदिया, जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह, दादरी के विधायक तेजपाल नागर, एमएलसी श्रींचद शर्मा, नरेन्द्र भाटी, सिकन्द्राबाद की विधायक लक्ष्मी राज सिंह, प्रणीत भाटी, विकास अग्रवाल, जिलाध्यक्ष गजेन्द्र मावी, नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, रालोद जिलाध्यक्ष जर्नादन भाटी, त्रिलोक त्यागी, पूर्व मंत्री मदन चौहान, सरोज सिंह मुंशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। Greater Noida News