
Greater Noida (चेतना मंच)। नौकरी से निकाले जाने से गुस्साये दो भाईयों ने दुकानदार व उसके भाई पर जानलेवा हमला कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। आरोपियों ने दुकानदार को जान से मारने की नियत से उस पर चाकू से कई वार किए। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ थाना सूरजपुर में मुकदमा दर्ज कराया है।
मूल रूप से ग्राम मकड़े मकरेड़ा थाना मुरादनगर, गाजियाबाद निवासी प्रवीण कुमार की ग्रेटर नोएडा के परी चौक के पास स्वर्ण प्लाजा में खुशी ग्लास इंटीरियर के नाम से शॉप है। उनकी शॉप पर ग्राम नूरपुर छोलस निवासी तरुण व गौरव पुत्र राजेंद्र काम करते थे। प्रवीण कुमार के मुताबिक दोनों भाई पिछले काफी समय से पैसे बढ़ाने को लेकर वाद-विवाद करते थे जिसकी वजह से उन्होंने दोनों भाईयों को नौकरी से निकाल दिया था। नौकरी से निकाले जाने के बावजूद आरोपी अक्सर फोन कर उसे परेशान करते थे।
Read More - Greater Noida News : लोहे के सामान को निशाना बनाने वाले दो शातिर चोर गिरफ्तारप्रवीण कुमार के मुताबिक वह 13 अगस्त को अपने भाई कृष्ण कुमार के साथ तिलपता गांव की तरफ जा रहे थे। कस्तूरी धर्म कांटे के पास तरुण व गौरव ने उनकी कार को जबरन रुकवा लिया। जैसे ही वह कार से उतरे तो दोनों भाइयों ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां देनी शुरू कर दी। उन्होंने जब इसका विरोध किया तो तरुण ने उसके भाई किशन कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू लगने से किशन कुमार के सीने से खून बहने लगा। अपने भाई को बचाने के लिए प्रवीण आगे बढ़ा तो गौरव ने उन पर चाकू से हमला कर दिया। इस दौरान दोनों आरोपियों ने ईंटों से भी वार कर उनका सिर फोड़ दिया। शोर मचाने पर दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश कर रही है।
इसके अलावा थाना सूरजपुर क्षेत्र के हीरा कॉलोनी में रहने वाले अनुराग शर्मा पर पड़ोस में रहने वाले कालू और विशाल ने चाकू से हमला कर दिया। गर्दन में चाकू लगने से अनुराग घायल हो गया। जिसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। अनुराग के पिता हरेंद्र शर्मा ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। Greater Noida News