
Greater Noida : उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में ट्यूशन पढ़ने जा रही दो छात्राओं को सामने से आ रही एक कार ने टक्कर मार दी, जिससे एक छात्रा की मौत हो गई और दूसरी छात्रा गंभीर रुप से घायल हो गई। घायल छात्रा को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा ग्रेटर नोएडा के चूहड़पुर गोलचक्कर के पास हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्रेटर नोएडा की जलवायु विहार सोसायटी निवासी सचिन चौधरी की 16 वर्षीय पुत्री स्पंदनिका गुरुवार की देर शाम वेदवान टेक्नोसिटी सोसायटी निवासी सहेली नव्या के साथ ट्यूशन पढ़ने जा रही थी। दोनों छात्राएं रोजाना दो जगह ट्यूशन जाती थी। पहले नव्या स्पंदनिका की जलवायु विहार सोसायटी में मां के साथ पढ़ने जाती थी। गुरुवार की शाम स्पंदनिका अपनी सोसायटी में ट्यूशन पढ़ने के बाद नव्या के साथ उसकी स्कूटी चलाकर टेक्नोसिटी सोसायटी दूसरा ट्यूशन पढ़ने जा रही थी कि चूहड़पुर गोलचक्कर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार इनोवा कार ने टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही दोनों छात्राएं सड़क पर गिर पड़ीं। हेलमेट न होने की वजह से स्पंदनिका के सिर में गंभीर चोट लगी। हादासे के बाद मौके पर जमा हुए लोगों ने दोनों छात्राओं को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डाक्टरों ने स्पंदनिका को मृत घोषित कर दिया। हादसे में नव्या के पैर में फ्रैक्चर हुआ है और उसे काफी चोट लगी है। आरोपी चालक स्पंदनिका को अस्पताल छोड़कर फरार हो गया। बीटा-2 थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द आरोपी चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।