ग्रेटर नोएडा में बुजुर्ग की हत्या से फैली सनसनी, सड़क पर मिला शव
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:48 PM
Greater Noida News : नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पुलिस के द्वारा लगातार देर रात तक चेकिंग की जा रही है। उसके बाद भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा में घटना नहीं रुक रही। ग्रेटर नोएडा जोन में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है।
Greater Noida News
मजदूरी का काम करता था मृतक
ग्रेटर नोएडा के थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र के जेपी अमन से ग्राम कुंडली की ओर जाने वाले रास्ते के पास पुलिया पर एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिला। जिसके गले और सिर में चोट के निशान हैं। मृतक बुजुर्ग व्यक्ति की पहचान 60 वर्षीय नंदराम पुत्र रामचरण के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक बुजुर्ग छत्तीसगढ के बिलासपुर जिले के चिरापरा गांव का रहने वाला है। जांच में सामने आया है कि मृतक बुजुर्ग ग्रेटर नोएडा के ग्राम कुंडली में अपने परिवार के साथ किराए के मकान में रह रहा था। मृतक बुजुर्ग यहां रहकर मजदूरी का कार्य करता था।
घटना की जांच में जुटी पुलिस
सूचना के बाद मौके पर पहुंची थाना नॉलेज पार्क पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने घटना स्थल पर फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का मुआयना किया। फिलहाल पुलिस बुजुर्ग की हत्या के कारणों का पता लगाने के प्रयास कर रही है। पुलिस घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों की भी जांच कर रही है।
थाना प्रभारी ने दी जानकारी
मामले की जानकारी देते हुए थाना नॉलेज पार्क के थाना प्रभारी विपिन कुमार राय ने बताया कि आज सुबह कुंडली गांव जाने वाले रास्ते पर एक बुजुर्ग का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने मौके पर जाकर घटना स्थल का मुआवना किया, साथ ही बुजुर्ग के शव को पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होने बताया कि फिलहाल इस मामले को लेकर एक टीम का गठन किया गया है। जल्द ही इस घटना का खुलासा करने की बात थाना प्रभारी ने कही है। Greater Noida News