जेवर के बेटों ने हासिल की बड़ी कामयाबी, होमगार्ड से बने UP पुलिस के सिपाही
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 03:28 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली में तैनात रहे दो होमगार्डों ने न सिर्फ अपनी कड़ी मेहनत और लगन से मिसाल कायम की बल्कि अपने दिवंगत पिता की सेवा को भी सच्ची श्रद्धांजलि दी है। इन दोनों होमगार्डों का चयन हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर हुआ है। इस उपलब्धि पर मंगलवार को पुलिसकर्मियों और साथी होमगार्डों ने उन्हें गर्मजोशी से शुभकामनाएं दीं और प्रशिक्षण के लिए विदा किया।
पिता की सेवा को बना लिया प्रेरणा
विपिन कुमार, बंकापुर गांव निवासी हैं। उनके पिता सतीश कुमार वर्ष 2020 में होमगार्ड के पद पर सेवा करते हुए इस दुनिया को अलविदा कह गए थे। इसके बाद विपिन ने जून 2021 में मृतक आश्रित के रूप में होमगार्ड की सेवा संभाली। वर्तमान में उनकी ड्यूटी गौतमबुद्ध यूनिवर्सिटी में चल रही थी। दूसरे होमगार्ड, देवेंद्र सिंह, बुलंदशहर के ककोड़ थाना क्षेत्र के गांव कपना निवासी हैं। इनके पिता निरंजन सिंह का भी 2020 में बीमारी के चलते निधन हो गया था। मई 2021 में देवेंद्र ने भी पिता की जगह सेवा में कदम रखा और सूरजपुर जिला न्यायालय में अपनी ड्यूटी निभा रहे थे।
नई शुरुआत की शुभकामनाएं
जेवर कोतवाली में आयोजित विदाई समारोह में सहयोगियों की आंखें नम थीं लेकिन चेहरे पर गर्व साफ झलक रहा था। कोतवाली पुलिस, होमगार्ड्स और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। एसीसी मुनेश कुमार, पीसी रामपाल सिंह, पीसी इंद्रजीत शर्मा (कंपनी प्रभारी) और डायल 112 के राजपाल तालान ने भी उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
यह सफलता न सिर्फ विपिन और देवेंद्र की है, बल्कि उन तमाम युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो विषम परिस्थितियों में भी दृढ़ संकल्प और मेहनत से आगे बढ़ने का हौसला रखते हैं। Greater Noida News