
Greater Noida News ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। ग्राम मेहंदीपुर में पारिवारिक विवाद के चलते एक महिला ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। वहीं नोएडा के वाजिदपुर गांव में एक किशोर ने टेंट के गोदाम में फांसी लगाकर जान दे दी।
ग्राम मेहंदीपुर निवासी खान मोहम्मद ने अपनी (35 वर्षीय) पत्नी सन्नो को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया उपचार के दौरान सन्नो की मौत हो गई। चिकित्सकों के मुताबिक सन्नों ने कोई जहरीला पदार्थ खा लिया था जिस कारण उसकी मौत हुई है। थाना रबूपुरा प्रभारी सुधीर कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सन्नो की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व खान मोहम्मद के साथ हुई थी। खान मोहम्मद की पहली पत्नी का इंतकाल हो गया था जिसके बाद उसने सन्नो से शादी की थी। पिछले कुछ समय से सन्नो और खान मोहम्मद के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। जिसको लेकर वह मानसिक रूप से परेशान थी।
वहीं थाना एक्सप्रेसवे क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में स्थित टेंट के गोदाम में (17 वर्षीय) किशोर आशु ने फांसी लगाकर जान दे दी। आशु को फंदे पर लटका देखकर परिजन उसे अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि आशु अपने परिजनों के साथ वाजिदपुर गांव में रह रहा था। घटना के समय परिजन बाहर गए हुए थे। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ट्रक चालक ने ली बच्चे की जान थाना बादलपुर क्षेत्र के रेलवे फाटक के पास ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार (12 वर्षीय) बच्चे की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। मानसरोवर पार्क लाल कुआं गाजियाबाद निवासी देवेंद्र ने बताया कि वह अपने 12 वर्षीय बेटे ओम गिरी के साथ अपनी स्कूटी से गिरधरपुर चौराहे से रोजा फाटक की तरफ जा रहा था। इस दौरान पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक चालक ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी के पीछे बैठा ओम गिरी सडक़ पर गिर गया और ट्रक का पहिया उसके ऊपर से उतर गया। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।