
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा स्थित तिलपता गांव के पास सड़क के हालात काफी खराब हो चुके हैं। दादरी सूरजपुर मुख्य मार्ग पर तिलपता गांव में नाला लगभग 3 महीने से ओवरफ्लो हो रहा है। जिससे सड़क पर कई फीट पानी भरा रहता है। साथ ही सड़क में गहरे गड्ढ़े भी हो चुके हैं जो हादसों को बढ़ावा दे रहे हैं। सड़क से रोजाना लाखों यात्री गुजरते हैं, लेकिन कोई भी समस्या का समाधान करने वाला नहीं है। सड़क पर भरा पानी प्राधिकरण की पोल खोल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने पर भी प्राधिकरण द्वारा समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।
दरअसल, दादरी और सूरजपुर के बीच मुख्य मार्ग पर तिलपता गांव में नाला ओवरफ्लो होने के कारण हमेशा पानी भरा रहता है। जिसकी शिकायत अधिकारी और नेताओं से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। पहले इस मार्ग पर सिल्ट साफ करने का टेंडर 40 लाख रुपये का छोडा गया था, लेकिन नया टेंडर जारी न होने के कारण समस्याएं और बढ़ती जा रही हैं।
सड़क पर पानी भरा होने के कारण मिट्टी धंसने लगी है और सड़क में गड्ढ़े होने लगे हैं जिनमें आए दिन दो पहिया वाहन चालक हादसे का शिकार होते हैं। ग्रामीणों का कहना है प्राधिकरण किसी बड़ी अनहोनी होने की प्रतीक्षा में बैठा हुआ है। सड़क पर पानी इतना भर चुका है कि वह लोगों के घरों में घुसना शुरू हो गया है। वहीं सड़क पर भरा पानी रक्षाबंधन पर हजारों बहनों के लिए परेशानी बनेगा। रक्षाबंधन पर हजारों बहनें गंदे पानी के बीच से जाने को विवश होगी। Greater Noida News