ग्रेटर नोएडा में दबंगों के हौसले बुलंद, गांव के युवक पर जानलेवा हमला
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
22 Jul 2024 07:29 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में बाजार से खरीदारी कर अपने घर वापस लौट रहे युवक पर गांव के ही कुछ दबंग युवकों ने हमला कर दिया। इतना ही नहीं आरोपियों ने युवक की कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। इस संबंध में थाना जेवर में 4 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अली अहमदपुर उर्फ गढ़ी गांव निवासी संजू शर्मा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसका भाई रविंदर अपने भतीजे प्रतीक के साथ बाजार से अपने घर आ रहा था। रविंद्र की वैगन आर कार जैसे ही गांव के बाहर प्याऊ मोड़ के पास पहुंची तो पहले से घात लगाए बैठे हरीश, आकाश, विजेंद्र, अमरीश आदि ने उसकी कार रुकवा ली और गाली गलौज करने लगे। रविंद्र ने जब गाली गलौज का विरोध किया तो चारों आरोपियों ने लाठी डंडों से उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस दौरान आरोपियों ने कार के शीशे भी तोड़ दिए। शोर शराबा सुनकर जब उनका भाई हरीराम मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर उसे घायल कर दिया। झगड़ा होता देखकर आस पड़ोस के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। Greater Noida News