वारदात को अंजाम देने वाला था बदमाश, पुलिस को देखकर गुल हुई सिट्टी-पिट्टी
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
28 Nov 2025 05:02 AM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में बदमाशों का कहर जारी है। बदमाशों ने लोगों के दिल में इस कदर खौफ पैदा कर दिया है कि लोग घरों से बाहर निकलने से पहले सोचने पर मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में एक बदमाश पिस्टल समेत ग्रेटर नोएडा पुलिस के हत्थे चढ़ा है। बताया जा रहा है कि बादलपुर पुलिस ने पिस्टल के साथ एक बदमाश को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया बदमाश आपराधिक वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहा था।
पुलिस को देखकर हड़बड़ाया बदमाश
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम दुजाना चौकी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम ने महावड़ गांव की तरफ जाने वाले रास्ते पर एक बलेनो कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया। कार चालक पुलिस को देखकर हड़बड़ा गया। संदेह के आधार पर ली गई तलाशी में उसके पास से एक 32 बोर की पिस्तौल व कारतूस बरामद हुए।
आरोपी न्यायालय में पेश
पूछताछ में पकड़े गए बदमाश से अपना नाम नीरज पुत्र जगबीर निवासी ग्राम महावड बताया। आरोपी के पास से मिली बलेनो कार के बारे में पड़ताल की गई तो पता चला कि वह उसके छोटे भाई की पत्नी के नाम पंजीकृत है। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।