छात्रा को अगवा करने वाला बदमाश धराया, पुलिस की गोली खाते ही हुआ लंगड़ा
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
RP Raghuvanshi
01 Dec 2025 05:07 PM
Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में स्कूल जा रही छात्रा का अपहरण का प्रयास करने वाले बदमाश को पुलिस ने सबक सिखा दिया है। थाना बिसरख पुलिस ने 12 वर्षीय छात्रा के अपहरण का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है।
आरोपी को पुलिस ने किया लंगड़ा
पुलिस उपायुक्त जोन द्वितीय शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि थाना बिसरख क्षेत्र में स्थित गोल्ड वैली स्कूल में पढ़ने वाली (12 वर्षीय) छात्रा शुक्रवार को स्कूल जा रही थी, तभी एक बाइक सवार ने उसे अपहरण करने का प्रयास किया। छात्रा उसकी बाइक से कूद कर किसी तरह से स्कूल तक पहुंची। उसने घटना की सूचना अपने परिजनों को दी। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने आज दोपहर को एक पुलिस मुठभेड़ के दौरान छात्रा को अगवा करने का प्रयास करने के आरोपी अनुज पुत्र किरण पाल को गिरफ्तार किया है। वह जनपद गाजियाबाद का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा चलाई गई गोली उसके पैर में लगी है।
क्या था पूरा मामला?
डीसीपी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी ने छात्रा के साथ गलत काम करने की नीयत से उसे अपनी बातों में फंसाया। उसने पहले स्कूल का नाम और प्रिंसिपल के बारे में जानकारी ली तथा कहा कि वह छात्रा के स्कूल में ही जा रहा है। उसकी बात पर विश्वास करके छात्रा उसकी बाइक पर बैठ गई थी। लेकिन वह उसे अगवा करके ले जाने लगा। इसी बीच छात्रा मोटरसाइकिल से नीचे कूद गई। Greater Noida News