शिक्षा एक्सपो में दिखेगी प्रदेश के स्टार्टअप की ताकत
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
01 Dec 2025 11:33 AM
Greater Noida News : नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 24 से 26 अप्रैल तक आयोजित भारत शिक्षा एक्सपो में प्रदेश के स्टार्टअप की शक्ति दिखाई देगी। पहली बार प्रदेश के हर जिले के स्टार्टअप अपने उत्पाद पेश करेंगे। इनोवेशन हब यूपी की ओर से स्टार्टअप करने वाले युवाओं को मंच उपलब्ध कराया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित प्रेसवार्ता में ग्रेनो प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह व एडीएम मंगलेश दुबे ने दी। एसीईओ ने बताया कि पहली बार इनोवेशन हब, एमआईटी इनक्यूबेशन फोरम और इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के संयुक्त तत्वावधान में प्रदेश के विभिन्न संस्थानों से आए छात्रों ने हैकाथॉन एवं आइडियाथॉन के माध्यम से नवाचार प्रस्तुत किए।
प्रतिभागियों को भारत शिक्षा एक्सपो में चुना गया
विजेताओं एवं शॉर्ट लिस्टेड प्रतिभागियों को भारत शिक्षा एक्सपो में चुना गया है। जहां चयनित छात्र राष्ट्रीय स्तर पर अपने इनोवेटिव आइडिया को प्रदर्शित करेंगे। एक्सपो में 100 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे। सात हजार वर्ग मीटर में फैले एक्सपो में विश्वविद्यालय, कॉलेज और संस्थान अपनी विश्वस्तरीय सुविधाएं, गुणवत्ता पूर्ण शैक्षणिक प्रणालियां पेश करेंगे। एक्सपो में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि से लेकर अन्य क्षेत्रों में स्टार्टअप से आए बदलाव की भी झलक दिखाई देगी।
छात्रों के समाधान की जूरी करेगी जांच
शिक्षा एक्सपो में समस्याओं का समाधान छात्र ढूंढेगे। जूरी के सदस्य समस्याओं के समाधान की जांच करेंगे। जिन छात्रों के समाधान से जूरी के सदस्य संतुष्ट होंगे। उनके इनोवेशन के प्रोपो टाइप और पेटेंट कराने में मदद करेंगे। अगर समाधान तकनीकी रूप से सही हुआ तो उसे भी उस पर कार्य करने के लिए ग्रांट उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं के अच्छे आइडिया को बिजनेस रूप दिया जाएगा। इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने बताया, इस बार हर जिले के स्टार्टअप को मौका मिलने जा रहा है।
जिम्स व जीबीयू समेत प्रदेश के सभी स्टार्टअप को मिल रहा बढ़ावा
प्रदेश में 23 जिलों में चल रहे 63 इनक्यूबेशन सेंटर्स के जरिए स्टार्टअप्स को बढ़ावा दिया जा रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई), क्वॉन्टम कंप्यूटिंग, ड्रोन, मेड टेक, ब्लॉकचेन जैसे क्षेत्रों से संबंधित स्टार्टअप्स को बढ़ावा मिल रहा है। गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय और राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान के अलावा अन्य संस्थानों में स्टार्टअप को मदद की जा रही है। Greater Noida News