नेपाल से चरस मंगवाकर युवाओं को बनाते हैं नशेड़ी, पुलिस ने महिला को धरा
Greater Noida News
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 08:57 PM
Greater Noida News : नेपाल व उत्तराखंड से चरस लाकर NCR में सप्लाई करने वाले गिरोह की महिला सदस्य सहित तीन तस्करों को थाना बीटा-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लाखों रुपए मूल्य की साढ़े पांच किलो चरस, तीन मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नेपाली नागरिकता प्रमाण पत्र व नगदी बरामद हुई है। पकड़ी गई महिला जनपद मुजफ्फरनगर से भी NDPS के मामले में वांछित चल रही थी।
महिला करती थी मादक पदार्थों की सप्लाई
थाना पुलिस गश्त पर थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि जनपद मुजफ्फरनगर के थाना छपार से वांछित चल रही तुलसी देवी उर्फ मोटी अपने साथियों के साथ मादक पदार्थों की सप्लाई करने के लिए ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर आने वाली है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम परी चौक पहुंच गई। मुखबिर के इशारे पर पुलिस ने यमुना एक्सप्रेसवे के जीरो पॉइंट पर खड़ी एक महिला व दो लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी में उनके पास से साढे 5 किलो चरस, तीन मोबाइल फोन व नगदी बरामद हुई।
नेपाल से मंगवाती है चरस
पूछताछ में महिला ने अपना नाम तुलसी देवी उर्फ मोटी, भाकसु कामी उर्फ बागसुर कामी व धीरज सिंह सामंत बताया। पूछताछ में तुलसी देवी उर्फ मोती ने बताया कि वह भाकसु के द्वारा नेपाल से चरस मंगवाती है। इसके अलावा उसका भतीजा धीरज सिंह सामंत भी नेपाल व उत्तराखंड से चरस लेकर आता है। इसके बाद वह उसे दिल्ली,शामली मुजफ्फरनगर, हरियाणा, हरिद्वार, उत्तर प्रदेश के एनसीआर क्षेत्र में लोगों को बेचकर मुनाफा कमाते हैं। पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि पकड़ी गई तुलसी देवी उर्फ मोती थाना छपार जनपद मुजफ्फरनगर से एक मुकदमे में वांछित चल रही है।
पुलिस से बचने के लिए महिला ने लगाई जुगाड़
पुलिस उसे पकड़ ना सके इसलिए वह अपने मोबाइल फोन को भी स्विच ऑफ रखती है। पकड़े गए भाकसु कामी ने बताया कि वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है और तुलसी देवी के कहने पर ही नेपाल से चरस लेकर आता है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर इन्हें न्यायालय में पेश किया गया जहां से इन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। Greater Noida News