Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। नोएडा ग्रेटर नोएडा में कथित बिल्डरों से सस्ती दरों पर प्लॉट खरीद कर अपना आशियाना बनाने का सपना देखने वाले लोग ठगी का शिकार हो रहे हैं। कथित बिल्डर लोगों की मेहनत की कमाई को हड़प कर रहे हैं ऐसा ही एक मामला थाना नॉलेज पार्क क्षेत्र में आया है यहां बिना जमीन के ही जालसाजों ने प्लॉट देने का झांसा देकर एक व्यक्ति से 5 लाख रुपए हड़प लिए। पीडि़त ने जब अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
Greater Noida News
क्या है मामला ?
ग्राम बोड़ाकी निवासी बलराम सिंह ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि अपने गांव के पास सर्वोत्तम मेगा पॉलिश प्रोजेक्ट का प्रचार प्रसार देखकर वह 14 जून 2023 को बिल्डर के सेक्टर-142 स्थित ऑफिस पहुंचा वहां पर उसे सर्वोत्तम मेगापोलिस असल हाईटेक टाउनशिप लिमिटेड के सीईओ आशीष शर्मा मिले। उन्होंने वहां उपस्थित कंपनी के मालिक शहजाद अहमद, विकास जैन, ऋषभ जैन, अनिल जैन व भुवनेश चौहान से मिलवाया। इन लोगों ने उसे सर्वोत्तम मेगा पॉलिश प्रोजेक्ट की रोचक व भ्रामक जानकारियां दें तथा कम रेट पर भुगतान करने पर तुरंत प्लॉट का बैनामा व कब्जा दिए जाने का ऑफर दिया।
प्लॉट पर खेती देख हुआ हैरान
पीड़ित का कहना है कि इन लोगों की बातों में आकर उसने 8 जुलाई 2023 को शहजाद अहमद व अनिल जैन को प्लॉट की एवज में 5 लाख रुपए का चेक दिया। बैंक से चेक क्लियर होने पर आरोपियों ने उसे सर्वोत्तम मेगा पॉलिश की प्रोजेक्ट में एक प्लॉट अलॉट किया। दिसंबर 2023 में जब वह उक्त प्लाट को देखने ग्राम चंद्रावली रामगढ़ पहुंचा तो पता चला कि खेत मालिक हरिओम शर्मा व पवन शर्मा ने उस पर फसल की बुवाई कर रखी है।
पीड़ित ने कराया मामला दर्ज
हरिओम शर्मा ने उसे बताया कि उन्होंने अपना खेत बिल्डर को नहीं बेचा है और वह ठगी का शिकार हो गया है इसके बाद जब वह अपने 5 लाख रुपए मांगने शहजाद अहमद विकास जैन ऋषभ जैन अनिल जैन भुवनेश चौहान के पास पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज की। आरोपियों ने कहा कि वह बिल्डर हैं और उनके पास बाउंसर और बदमाशों की बड़ी फौज है पैसों के लिए अगर वह ज्यादा पीछे पड़ेगा तो उसे जान से मरवा दिया जाएगा। पीडित ने थाना नॉलेज पार्क में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।