
Greater Noida News (चेतना मंच)। घर के बाहर गली में फोन पर बात कर रहे एक युवक की पड़ोस में रहने वाले कुछ युवकों ने लाठी डंडों से जमकर पिटाई की। परिजनों ने जब इस बात का विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया। पीड़ित के चाचा ने तीन नामजद सहित अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ थाना बीटा तो में मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा 1 निवासी संतोष चौधरी ने पुलिस से की शिकायत में बताया कि उनका भतीजा देवव्रत दुबे अपने फूफा रविंद्र नाथ मिश्रा के साथ डेल्टा वन के एफ ब्लॉक में रह रहा है। सोमवार की शाम देवव्रत दुबे घर के बाहर गली में फोन पर बात कर रहा था। इस दौरान पड़ोस में रहने वाले धीरज, प्रिंस व दीपक भारद्वाज ने उसके साथ गाली गलौज कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके हाथ पर डंडे से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। मारपीट होते देखकर देवव्रत किसी तरह घर पहुंचा और अपने फूफा रविंद्र नाथ मिश्र को मारपीट की जानकारी दी।
रविंद्र नाथ मिश्रा अपने साथी संजय यादव के साथ आरोपी युवकों के घर शिकायत करने पहुंचे। वहां मौजूद युवकों ने उनके साथ भी गाली गलौज करने शुरू कर दी। विरोध करने पर धीरज, प्रिंस, दीपक भारद्वाज ने फोन कर अपने अन्य साथियों को मौके पर बुला लिया और लाठी डंडों व रॉड से जमकर मारपीट की। मारपीट में रवींद्रनाथ मिश्रा और संजय यादव का सर फट गया और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से बनने की धमकी देते हुए फरार हो गए मौके पर एकत्रित हुए स्थानीय लोगों ने दोनों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां घायल का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीडि़त की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है। Greater Noida News