
सार
“आईए महसूस कीजिए ज़िंदगी के ताप को मैं गरीबों की गली मैं ले चलूंगा आपको”। ग़रीबों के दर्द को बयान करती हुई एक ख़बर उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा शहर से आ रही है। यहां के ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने दो दर्जन से अधिक ग़रीब परिवारों की रोटी रोज़ी को जबरन छीन लिया है। तर्क यह दिया जा रहा है कि ये ग़रीब लोग सरकारी ज़मीन पर बैठकर अवैध ढंग से अपना कारोबार कर रहे थे।
विस्तार
Greater Noida News : UP का शो विंडो कहा जाने वाला ग्रेटर नोएडा आए दिन चर्चाओं में रहता है। ऐसा ही मंजर मंगलवार को भी देखने को मिला जब यहां के दो दर्जन से अधिक रेहड़ी पटरी वालों को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की टीम ने उजाड़ दिया। सड़कों पर ठेला पटरी लगा कर अपना गुज़ारा करने वालों के खिलाफ ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अर्बन सर्विसेज विभाग ने जोरदार कार्रवाई की है। जैतपुर गोल चक्कर और अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित कसाना टावर के पास सड़क किनारे दुकान लगाकर खड़ी दो दर्जन रेहड़ी जब्त कर ली गई है।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का तर्क या कुतर्क यह है कि उन्होंने ठेली पटरी वालों को यातायात को बाधित न करने की हिदायत दी थी। प्राधिकरण के अर्बन सर्विसेज विभाग के प्रभारी और ओएसडी संतोष कुमार ने बताया कि जैतपुर गोल चक्कर और अल्फा कॉमर्शियल बेल्ट स्थित कसाना टावर के पास रेहड़ी लगने से यातायात बाधित होने की शिकायत मिली थी। प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। दोनों जगहों से करीब दो दर्जन रेहड़ी जब्त कर ली गई। ओएसडी ने यातायात को बाधित करने वालों के खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई की चेतावनी दी है। इससे पहले अर्बन सर्विसेज विभाग ने सेक्टर अल्फा 2 के निवासियों की शिकायत पर सेक्टर की मार्केट व सड़क के किनारे अवैध रूप से लगने वाली ठेली-पटरी को भी जब्त कर लिया था। ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए यह कार्रवाई की गई।
सड़कों पर ठेली पटरी लगाकर अपना गुज़ारा करने वाले गरीबों का कहना है कि वे कई सालों से मजबूरी में ठेली पटरी लगाकर अपने परिवारों का गुज़ारा कर रहे हैं। बिना किसी पूर्व सूचना के प्राधिकरण के अधिकारियों ने उनकी रोज़ी रोटी के साधन छीन ली है। उनका आरोप है कि पुलिस व प्राधिकरण के अधिकारियों तथा कर्मचारी आए दिन उनसे से अवैध वसूली करते हैं। अवैध वसूली पूरी न होने के कारण उनके ऊपर यह कहर ढहाया गया है। नीचे वीडियो में आपको पता चल जाएगा की सड़कों पर बैठकर गुज़ारा करने वाले अपना दर्द किस क़दर व्यक्त कर रहे हैं। Greater Noida News