
Greater Noida (चेतना मंच)। तंत्र मंत्र द्वारा दिल की बीमारी का इलाज करने के नाम पर एक NRI को घर में बंधक बनाकर रखने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। विदेश में रह रही पीड़ित की पत्नी ने जब पुलिस को फोन किया तब जाकर पुलिस ने पीडि़त को रेस्क्यू कर महिला सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पीडि़त ने बताया कि आरोपी तंत्र मंत्र से दिल की बीमारी के इलाज के नाम पर उससे 2 करोड़ से अधिक रुपए की धनराशि हड़प चुके हैं।
ग्रेटर नोएडा जोन के एडीसीपी अशोक कुमार ने बताया कि यूएसए में रहने वाली किरण शर्मा ने बीती रात्रि पुलिस कमिश्नरेट पुलिस से संपर्क कर कुछ लोगों द्वारा अपने पति संजय शर्मा को घर में बंधक बनाए जाने की सूचना दी। महिला की सूचना पर तुरंत थाना बीटा-2 प्रभारी विनोद कुमार मिश्र ने पुलिस बल के साथ एनआरआई सिटी में बताए गए स्थान पर छापा मारा। पुलिस को मौके से संजय शर्मा, हिमांशु उसकी पत्नी मोना, फैजान व विशाल मिले। पुलिस को मौके से तंत्र-मंत्र में प्रयोग होने वाला सामान भी घर में रखा हुआ मिला। पुलिस सभी को अपने साथ थाने ले आई।
थाने में पीडि़त संजय शर्मा ने बताया कि उनकी पत्नी किरण शर्मा यूएसए में उनके ट्रांसपोर्ट के व्यवसाय को संभाल रही है। वह पिछले 1 साल से ग्रेटर नोएडा के एनआरआई सिटी में रह रहे हैं। पिछले करीब 1 साल से उन्हें दिल की बीमारी हुई थी जिसका उन्होंने कई जगह इलाज कराया। लेकिन कोई फायदा नहीं मिला इस दौरान एक क्लब में उनकी पहचान हिमांशु से हुई। हिमांशु ने बताया कि वह तंत्र क्रिया करने वाले तांत्रिक को जानता है जो उनके इस बीमारी को दूर कर देगा। संजय शर्मा ने बताया कि हिमांशु उसकी पत्नी मोना के झांसे में आकर उसने फैजान से मुलाकात की। फैजान ने उसकी बीमारी को जड़ से खत्म करने का दावा करते हुए कहा कि इस पर कुछ खर्च आएगा।
संजय शर्मा का आरोप है कि फैजान, हिमांशु आदि ने उससे इलाज के नाम पर अब तक करीब 2 करोड़ से अधिक रूपए ठग चुके हैं। पिछले कई दिनों से आरोपियों ने उसे उसके ही घर में बंधक बनाकर रखा हुआ था। किसी तरह उसने अपनी पत्नी को फोन से सूचना दी जिसके बाद उसे मुक्त कराया जा सका। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए चारों आरोपी मुरादाबाद के रहने वाले हैं और इनसे पूछताछ की जा रही है। Greater Noida