
Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अधिकतर घर खरीददार मालिकाना हक की राह देख रहे हैं लेकिन अभी तक उनकी ना तो रजिस्ट्री हुई है और ना ही घर मिला है। जिसके लिए घर खरीददारों द्वारा हर रविवार को एक मूर्ति गोल चक्कर पर प्रदर्शन किया जाता है। 38 हफ्तों से घर ख़रीदार हर रिवावर को एक मूर्ति पर प्रदर्शन कर रहे हैं और रजिस्ट्री और घरों का पज़ेशन देने की मांग कर रहे हैं। खास बात यह है कि इन घर खरीदारों को सीएम योगी आदित्यनाथ आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें उनके मकान का मालिकाना हक नहीं मिल रहा है।
इस दौरान घर खरीदारों ने कहा कि सरकार क्यों समस्या के समाधान पर गंभीर नहीं है ये समझ से परे है। अमिताभ कांत कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है, लेकिन इस रिपोर्ट पर राज्य सरकार का रुख़ अभी तक साफ़ नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि वो इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द करना चाहते हैं। लेकिन अभी तक घरों की रजिस्ट्री और पज़ेशन पर कुछ नहीं हुआ है। हजारों निवासी मालिकाना हक की राह देख रहे हैं लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है।
इस दौरान विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से अनुराग खरे, रितेश श्रीवास्तव, आशीष सहित कई घर ख़रीदारों का कहना है कि उनका आंदोलन नहीं रुकेगा। सरकार को जल्द से जल्द रजिस्ट्री की प्रक्रिया को शुरु कर देना चाहिए। प्राधिकरण और बिल्डर मिले हुए हैं जिसकी वजह से रजिस्ट्री होने में समय लग रहा है।
धरने प्रदर्शन के दौरान 10 से अधिक सोसाइटी के लोग उपस्थित रहे। आंदोलन में मुख्य रूप से इको विलेज 2, इको विलेज 3, अजनारा होम्स, कासा ग्रीन्स, संस्कृति प्रोजेक्ट, एक्वा गार्डन, ऐपेक्स गोल्फ़ एवेन्यू सहित कई सोसायटियों के लोग शामिल हुए। Greater Noida News