
Greater Noida: अटाई गांव में जमीन बंटवारे को लेकर एक परिवार के सदस्य आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई जिसमें कई लोग घायल हो गए। इस मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ थाना इकोटेक वन में मुकदमा दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी सरिता मलिक ने बताया कि अटाई गांव निवासी सुमन के पति ओंकार सिंह का निधन हो गया है। पैतृक संपत्ति के बंटवारे को लेकर सुमन का अपने देवर बाबू से विवाद चल रहा है। 2 दिन पूर्व जमीन बंटवारे को लेकर सुमन व बाबू के बीच कहासुनी हो गई जो मारपीट में तब्दील हो गई।
मारपीट में सुमन और बाबू के बेटे भी शामिल हो गए। दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। इस संबंध में बाबू ने अपनी भाभी सुमन और भतीजे अंकित सुमित और मनीष तथा सुमन ने अपने देवर बाबू, भतीजे प्रवीण व राहुल के खिलाफ गाली गलौज, मारपीट करने सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कराया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।