ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने मौके पर चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान दबोच लिया गया। आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल की गई इग्निस कार, चोरी के आभूषण, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए हैं। Greater Noida News
ADCP ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के मुताबिक, थाना दादरी में एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इग्निस कार में सवार कुछ युवकों ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज किया गया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया। इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने घोड़ीबछेड़ा से रामगढ़ अंडरपास की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर संदिग्ध वाहन की घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में करन नागर के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान दूसरे आरोपी मुकुल को पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई इग्निस कार भी बरामद कर ली। Greater Noida News
पूछताछ और बरामदगी के दौरान पुलिस ने सेक्टर ज्यू-01 स्थित एक मकान में हुई चोरी से जुड़े दो जोड़ी पायल और दो जोड़ी बिछिया भी आरोपियों के कब्जे से बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि इनकी बरामदगी के आधार पर अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान करन नागर निवासी रोजा जलालपुर, थाना बिसरख (वर्तमान पता ओमीक्रोन-02, दादरी) तथा मुकुल निवासी राजतपुर, थाना बादलपुर (वर्तमान पता ओमीक्रोन-02, दादरी) के रूप में हुई है। दोनों की उम्र क्रमशः 23 और 24 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार, करन नागर के खिलाफ गौतमबुद्धनगर और हापुड़ के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम और हत्या के प्रयास समेत सात आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मुकुल के खिलाफ गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर सहित विभिन्न जिलों में हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं में आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों से पूछताछ की जा रही है और इनके अन्य साथियों व आपराधिक नेटवर्क की भी जांच जारी है। Greater Noida News
विज्ञापन