ट्रांसफार्मर चोरों से भिड़ी ग्रेटर नोएडा पुलिस, मुठभेड़ में एक घायल
Greater Noida News
ग्रेटर नोएडा
चेतना मंच
01 Dec 2025 12:52 PM
Greater Noida News : नोएडा- ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में लगे विद्युत ट्रांसफार्मरों से कीमती सामान व तेल चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से बदमाश घायल हो गया जबकि उसका साथी फरार हो गया। बदमाश के पास से तमंचा, कारतूस, कार तथा बिजली के ट्रांसफार्मर से चोरी की गई क्वाइल व एंगल बरामद हुए हैं।
जवाबी फायरिंग में घायल हुआ आरोपी
एडीसीपी सेंट्रल जोन हृदेश कठेरिया ने बताया कि, थाना बादलपुर प्रभारी अमित कुमार भड़ाना पुलिस टीम के साथ बीती रात्रि संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने एक कार को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर कार सवार दुजाना चौकी से तिमुही पुलिया की तरफ भाग निकले। पुलिस द्वारा पीछा करने पर बदमाशों ने अपनी कार को कच्चे रास्ते पर उतार दिया। यहां पर उनकी कार कीचड़ में फंस गई। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया जबकि इसका दूसरा साथी फरार हो गया।
ये सामान हुए बरामद
एडीसीपी ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान महबूब पुत्र सलीम निवासी नई बस्ती कॉलोनी थाना नंदग्राम गाजियाबाद के रूप में हुई। इसके पास से तमंचा कारतूस व एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई। कार से बीते दिनों बिजली के ट्रांसफार्मर से चोरी की गई एक क्वाइल व एंगल बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया आरोपी शातिर किस्म का बदमाश है और यह अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर से कीमती सामान व तेल आदि चोरी करने की घटना को अंजाम देता है। पकड़े गए बदमाश पर तीन मुकदमे पंजीकृत हैं। पुलिस इसके फरार साथी की तलाश कर रही है। Greater Noida News