ग्रेटर नोएडा में घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद चोरी गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

Greater Noida News : ग्रेटर नोएडा में घरों में चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद चोरी गैंग के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में दो बदमाश पुलिस की जवाबी फायरिंग में घायल हो गए, जबकि उनके दो अन्य साथियों को पुलिस ने कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाकर दबोच लिया। पुलिस का कहना है कि यह वही गिरोह है, जिसने कुछ दिन पहले ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर इलाके में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा में मोजर वियर गोलचक्कर के पास सर्विस रोड पर थाना सूरजपुर पुलिस की टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलों पर सवार चार लोग आते दिखाई दिए। पुलिस को उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद उन्हें रुकने का इशारा किया गया। लेकिन रुकने के बजाय सभी आरोपी बाइक मोड़कर रेलवे लाइन के किनारे जंगल की ओर भागने लगे। जब ग्रेटर नोएडा पुलिस ने इनका पीछा किया, तो जल्दबाजी में उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरता देख बदमाश पेड़ों और झाड़ियों की आड़ में छिप गए और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। इस मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मुठभेड़ में घायल हुए आरोपियों की पहचान मुकेश उर्फ मुक्के और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी ग्रेटर नोएडा और आसपास के इलाकों में सक्रिय चोरी गिरोह से जुड़े हुए हैं। इनके अलावा, पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान इनके दो अन्य साथियों देवेन्द्र शर्मा उर्फ देवन शर्मा उर्फ देबू शर्मा और सतपाल को भी गिरफ्तार कर लिया। चारों आरोपियों से पूछताछ के बाद कई अहम जानकारियां सामने आई हैं।
ग्रेटर नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। चारों बदमाशों के पास से एक-एक तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस मिले हैं। इसके अलावा मुकेश और आकाश के पास से ड्रिल मशीन और ड्रिल रॉड भी बरामद की गई हैं, जिनका इस्तेमाल चोरी की वारदातों में किया जाता था। पुलिस मान रही है कि यह गिरोह सुनियोजित तरीके से घरों को निशाना बनाता था।
पूछताछ और निशानदेही के आधार पर पुलिस ने ग्रेटर नोएडा के तिलपता गांव और देवला गांव में हुई चोरी की वारदातों से जुड़ा सामान भी बरामद किया है। तिलपता में हुई चोरी के मामले में एक फ्रिज, एलईडी टीवी, बैटरी और इन्वर्टर बरामद किया गया। वहीं देवला गांव में हुई चोरी से संबंधित कुकर, प्लेटें और भगौने भी पुलिस ने बरामद किए हैं। इससे साफ है कि गिरोह लंबे समय से ग्रेटर नोएडा के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय था। Greater Noida News