
Greater Noida : (चेतना मंच)। नंगला चरणदास गांव में एक कमरे से युवक का फंदे पर लटका शव बरामद हुआ है। युवक ने कई दिन पूर्व अपने कमरे में फांसी लगा ली थी लेकिन पड़ोसियों को पता नहीं चला। शव से बदबू आने पर पड़ोसियों ने थाना फेस-2 पुलिस को सूचना दी।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि रविवार को नगला चरणदास गांव में रहने वाले रामलाल ने सूचना दी कि उनके यहां किराए पर रहने वाले कुलदीप सिंह के कमरे से बदबू आ रही है। मौके पर पहुंची पुलिस जब दरवाजा तोडक़र अंदर दाखिल हुई तो कुलदीप सिंह फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। शव से तेज दुर्गंध आ रही थी जिससे आशंका है कि युवक ने कई दिन पूर्व आत्महत्या की है।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि कुलदीप सिंह पुत्र सीताराम मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला था और नंगला चरणदास गांव में किराए पर रह रहा था। पिछले कई दिनों से उसके कमरे का दरवाजा बंद था। मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
थाना ईकोटेक 3 क्षेत्र के कुलेसरा गांव के पास हिंडन नदी से एक महिला का सड़ा गला शव बरामद हुआ है। आशंका व्यक्त की जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से हिंडन नदी में फेंका गया है।
थाना प्रभारी सुनील दत्त ने बताया कि आज सुबह किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि हिंडन नदी में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से निकलवा कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली शव करीब 5-6 दिन पुराना है। पानी में पड़ा रहने के कारण शव बुरी तरह से सड़ गल गया है। मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास के थाना क्षेत्रों की पुलिस को अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना दे दी गई है।