
Greater Noida News :ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विरुद्ध शांतिपूर्ण आंदोलनकारी किसानों द्वारा चल रहे धरना प्रदर्शन को आज 20 दिन हो गए हैं। कई किसान नेता और विभिन्न पार्टियों के नेताओं द्वारा किसानों को समर्थन मिल रहा है। 15 मई को होने वाले प्रदर्शन में किसानों को जय जवान जय किसान के नेता सुनील फौजी द्वारा समर्थन दिया जाना था। लेकिन पुलिस ने किसान नेता सुनील फौजी को हाउस अरेस्ट किया है ताकि वह किसानों को समर्थन नहीं कर सके।
किसान सभा के प्रवक्ता डॉ. रुपेश वर्मा ने धरने को संबोधित करते हुए कहा किसानों की अपने मुद्दों को लेकर जागरुकता और गोलबंदी को देखकर प्राधिकरण और प्रशासन डर गया है और घबरा गया है और उसी घबराहट में जय जवान जय किसान के नेता सुनील फौजी को घर पर नजरबंद किया है। अब यह आंदोलन पुलिस के तानाशाही पूर्ण रवैया अपनाने के बावजूद तेजी से आगे बढ़ेगा। इस क्षेत्र के किसान बहादुर किसान हैं और वह अपने हक और अधिकारों को अच्छी तरह समझते हैं। संविधान की धारा 19 सभी नागरिकों को अपने हकों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने का हक देती है। पुलिस प्रशासन द्वारा किसानों के इस हक को छिनने की कार्रवाई पुलिस प्रशासन एवं सरकार के लिए राजनीतिक तौर पर आत्मघाती कदम होगा।
सूबेदार ब्रह्मपाल ने कहा कि हम सब किसान एकजुट हैं, क्षेत्र के सभी संगठन एकजुट हैं। सुनील फौजी को तुरंत रिहा किया जाए यदि पुलिस रिहा नहीं करती है तो आंदोलन और आगे बढ़ेगा और क्षेत्र के सभी किसान गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं। किसानों की वाजिब समस्याओं जिसमें 10% आबादी प्लाट सर्कल रेट का 4 गुना मुआवजा आबादियों की लीज बैक, न्यूनतम प्लाट साइज 120 वर्ग मीटर, आबादियों की शिफ्टिंग में संपूर्ण रखने की लीज बैक साढे 17% प्लाट कोटा, शिफ्टिंग रोजगार एवं अन्य मांगों पर प्राधिकरण द्वारा गंभीरता से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। मुद्दों को उलझाने और टालने के मकसद से प्राधिकरण के अधिकारी बातचीत कर रहे हैं। प्राधिकरण के अधिकारियों की नीयत मुद्दों को लेकर बिल्कुल भी साफ नहीं है इसी क्रम में किसान सभा की सभी गांव कमेटियों ने तय किया है कि 15 मई को हजारों की संख्या में प्राधिकरण पर विशाल धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यदि प्राधिकरण ने 15 मई को किसानों की समस्याओं को सुनकर हल नहीं किया तो आगे और बड़े धरना प्रदर्शन की योजना बनाकर घोषणा की जाएगी।
किसान सभा के संयोजक वीर सिंह नेताजी ने चेतावनी देते हुए कहा कि क्षेत्र के लाखों प्रभावित किसान प्राधिकरण की धोखाधड़ी और वादाखिलाफी से आक्रोशित हैं और तब तक धरना प्रदर्शन करते रहेंगे जब तक इनकी उनकी समस्याएं हल नहीं हो जाती। किसान सभा के उपाध्यक्ष यतेंद्र मैनेजर ने कहा की किसान सभा का इरादा हमेशा शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन का होता है प्रशासन द्वारा यदि किसानों के शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन को खत्म करने की होगी तो किसान सभा के सभी कार्यकर्ता हजारों की संख्या में गिरफ्तारी देने को तैयार हैं। किसान सभा के सचिव अजय पाल भाटी ने कहा कि क्षेत्र पूरी तरह जाग चुका है अब किसान अपनी समस्याओं को हल करवाये बिना प्राधिकरण के सामने से नहीं हटेंगे आगे जरूरत पड़ी तो किसान प्राधिकरण के सामने दिल्ली आंदोलन की तर्ज पर समस्याओं के हल होने तक परिवार सहित आवास बनाकर रहेंगे।
आज के धरने को किसान सभा के जिला अध्यक्ष नरेंद्र भाटी, सुशील सुनपुरा, राजीव नगर, गवरी मुखिया, धीरज सिंह भाटी, तेजपाल प्रधान, उपाध्यक्ष सूबेदार ब्रह्मपाल, महेंद्र सिंह सैनी ने संबोधित किया एवं सैकड़ों की संख्या में महिला पुरुष किसान धरने पर उपस्थित रहे। Greater Noida News