
Greater Noida (चेतना मंच)। थाना ईकोटेक-3 क्षेत्र के डेरीन गांव में साइबर कैफे में एक चोर ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर साइबर कैफे से 80 हजार रूपए की नकदी को चोरी कर ले गया। करीब 5 दिन बाद पुलिस ने चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
मूल रूप से इटावा निवासी अजय ने बताया कि उसकी डेरिन गांव में साइबर कैफे है। 21 अप्रैल को वह दोपहर में खाना खाने के लिए साइबर कैफे के दरवाजे को लॉक कर पड़ोस में ही अपने घर चला गया था। कुछ समय बाद जब वह वापस लौटा तो उसे दरवाजे का ताला टूटा हुआ और गल्ले से 80 हजार रूपए की नकदी गायब मिली। अजय ने बताया कि उसने इसकी सूचना डॉयल-112 पर कॉल कर पुलिस को दी। इसके बाद उसने थाने में चोरी की जानकारी दी।
बताया जाता है कि चोरी की यह पूरी वारदात साइबर कैफे में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज में वैगनआर कार से आया एक व्यक्ति साइबर कैफे का दरवाजा खोलकर अंदर घुसता हुआ दिख रहा है। इसके बाद वह चोरी कर अपनी गाड़ी लेकर मौके से जाता हुआ भी दिख रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।