
Greater Noida: थाना ईकोटेक-3 से पुलिस को चकमा देकर लूट के आरोपी के फरार होने के मामले में गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर ने सख्त एक्शन लेते थाना ईकोटेक-3 प्रभारी सहित 6 पुलिसकर्मियों को सस्पैंड कर दिया है।
बता दें कि थाना ईकोटेक-3 में राजीव उर्फ राका पुत्र रविकरण निवासी ग्राम खेड़ी थाना सूरजपुर के खिलाफ एमबीडब्ल्यू जारी हुआ था। राजीव को थाना ईकोटेक-3 पुलिस ने 4 जनवरी को गिरफ्तार किया था और उसे थाने में रखा।
बताया जाता है कि थाने में तैनात पुलिसकर्मियों ने लापरवाही बरती और उसे हवालात में बंद करने के बजाय मुंशियाने में ही बैठा दिया। रात में मौका देखकर बदमाश राजीव थाने से फरार हो गया।
इस मामले में पुलिसकर्मियों द्वारा बरती गई लापरवाही पर पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने सख्त एक्शन लेते हुए थाना ईकोटेक-3 के प्रभारी पवन कुमार, उपनिरीक्षक कुलदीप कुमार, उपनिरीक्षक मनोज राठी, आरक्षी सतेन्द्र कुमार, गौरव और महिला आरक्षी रितिका के विरूद्ध मामला दर्ज कर निलंबित कर उन्हें निलंबित करने का आदेश दिया है।
थाने से फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।