
Greater Noida : (चेतना मंच)। हत्या समेत कई आपराधिक मामलों में आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी की जिम्स अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
लुक्सर जेल में प्रवीन कुमार पुत्र धर्मपाल (58 वर्ष) मूल निवासी गांधी कालोनी, बाबा लालदास रोड, थाना मंडी, जिला सहारनपुर को थाना परतापुर मेरठ में दर्ज हत्या के एक केस में सहारनपुर सत्र न्यायालय द्वारा आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। बीते 2 अप्रैल को ही प्रवीन को सहारनपुर से जिला गौतमबुद्धनगर स्थित लुक्सर जेल में शिफ्ट किया गया था।
आपको बता दें कि 13 अप्रैल को प्रवीन की तबियत खराब होने पर उसे ग्रेटर नोएडा स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था। उपचार के दौरान प्रवीन कुमार की मौत हो गयी। थाना ईकोटेक-। थानाध्यक्ष सरिता मलिक ने बताया कि अस्पताल में मीमो मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।