
Greater Noida (चेतना मंच)। ग्रेटर नोएडा के थाना सेक्टर-142 पुलिस ने बिल्डर के पीएसओ को गोली मारने के आरोपी ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त तमंचा व बाइक बरामद कर ली है। आरोपी ने बताया कि वह कंपनी के पैसों में हेराफेरी करता था, जिसकी पुष्पेंद्र शिकायत कर देता था। इस बात से गुस्साकर उसने पीएसओ को मौत के घाट उतारने का निर्णय लिया था।
एडीसीपी हिरदेश कठेरिया ने बताया कि थाना सेक्टर-142 पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर एक्सप्रेस-वे से जानलेवा हमले के आरोप में वांछित चल रहे गुलावली निवासी कपिल को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक तमंचा व कारतूस भी बरामद हुआ है।
एडीसीपी ने बताया कि आरोपी कपिल ने 13 नवंबर को रियल एस्टेट कंपनी के मलिक के पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर पीएसओ पुष्पेंद्र कुमार को सेक्टर 145 मेट्रो स्टेशन के पास गोली मार दी थी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया पुलिस से बचने के लिए उसने अपनी बाइक यमुना नदी में फेंक दी थी। पूछताछ के बाद आरोपी के निशान देही पर पुलिस ने यमुना नदी से वारदात में प्रयुक्त बाइक को बरामद कर लिया है।
एडीसीपी ने बताया कि सेक्टर-96 में रियल एस्टेट का काम करने वाले विष्णु शर्मा के यहां मूल रूप से सीतापुर निवासी पुष्पेंद्र कुमार मिश्रा पीएसओ के रूप में कार्यरत था। इसी कंपनी में ड्राइवर के रूप में गुलावली गांव निवासी कपिल शर्मा भी काम करता था। 13 नवंबर को कपिल शर्मा ने सेक्टर-145 के पास पुष्पेंद्र कुमार मिश्रा को तमंचे से गोली मार दी थी। गोली मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-142 पुलिस ने घायल पुष्पेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया था।
एडीसीपी हृदेश कठेरिया ने बताया कि पूछताछ में कपिल ने बताया कि वह कंपनी के छोटे-मोटे कामों में हेरा फेरी करता था और बचे हुए पैसों को अपने पास रख लेता था उसकी हरकतों पर पुष्पेंद्र कड़ी निगरानी रखता था और कई बार वह पूर्व में मालिक से उसकी हेरा फेरी की शिकायत कर चुका था।