
Greater Noida News : भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा है कि सरकार और सरकार में बैठे हुए लोग अपने दिमाग से गलत फहमी निकाल दें। जो भी किसानों की बात सुनने में आनाकानी करेंगे उन सबका ठीक से ईलाज कर दिया जाएगा।
ग्रेटर नोएडा, नोएडा व यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के किसानों की मांग को लेकर किसान पिछले 12 दिनों से ग्रेटर नोएडा के जीरो प्वाइंट पर धरना दे रहे हैं। शनिवार को धरना स्थल पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत धरना स्थल पर पहुंचे। धरना स्थल पर हजारों की संख्या में नोएडा, ग्रेटर नोएडा, यमुना व दादरी क्षेत्र के किसान मौजूद थे। धरना स्थल पर आयोजित पंचायत को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि किसान अब जागरूक हो चुके हैं। सरकार व सरकार में बैठे हुए लोग अपने दिमाग से यह गलत फहमी निकाल दें कि वे अब भी किसानों की समस्याओं की अनदेखी कर पाएंगे। किसान किसी भी कीमत पर अपनी समस्याओं के समाधान होने से पहले आंदोलन को समाप्त नहीं करेंगे। यदि किसानों की मांगें पूरी नहीं की गई तो अगला धरना प्राधिकरण के अफसरों के घरों पर होगा।
जनसभा को संबोधित करते हुए प्रसिद्ध किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि ग्रेटर नोएडा में धरना दे रहे किसान नेताओं के विरूद्ध फर्जी मामले दर्ज किए गए हैं। फर्जी मामले दर्ज करना पुलिस की बड़ी साजिश है। चेतावनी के लहजे में उन्होंने कहा कि जल्द ही फर्जी मामलों को समाप्त नहीं किया गया तो अगला धरना व आंदोलन थाने के बाहर किया जाएगा।
इस दौरान किसान नेता गौरव टिकैत, भाकियू के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल शर्मा, प्रदेश सचिव ओमपाल सिंह, सुभाष चौधरी, पवन खटाना, हरेंद्र अवाना, अशोक घाटियान, बिजेंद्र सिंह, बिजेंद्र चौधरी, विजय कुमार शास्त्री, प्रवीण मलिक समेत नोएडा, ग्रेटर नोएडा व दादरी क्षेत्र के सैकड़ों किसान नेता मौजूद रहे।